संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। आदमपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने पैर में गोली मार कर शातिर आरोपी को काबू किया। आरोपी से एक देसी पिस्तौल, मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस व एक बाइक बरामद हुई।
एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि इस ऑपरेशन को पुलिस अधीक्षक परमिंदर सिंह हीर, एसपी (जांच) सरबजीत राय, और डीएसपी कुलवंत सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। आदमपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रविंदरपाल सिंह की टीम ने आरोपी को दबोचा। उन्होंने बताया कि एएसआई सतनाम सिंह और एएसआई कुलदीप कुमार पुलिस टीम के साथ ड्रोली कलां पुलिया पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सीआईए स्टाफ के एएसआई परविंदर सिंह के साथ एक संयुक्त नाका लगाया गया। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिस पर गोली चला दी। गोली पुलिस की सरकारी बोलेरो गाड़ी के शीशे पर लगी। इसके बाद आरोपी बाइक लेकर ड्रोली खुर्द पुलिया की तरफ मुड़ गया, लेकिन बाइक फिसलने के कारण गिर गया। इसके बाद वह एक सुनसान कमरे की आड़ में जाकर फायरिंग करने लगा। एएसआई कुलदीप कुमार ने आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे काबू कर लिया। आरोपी की पहचान दविंदर सिंह उर्फ बाजा निवासी गांव दमुंडा थाना आदमपुर जालंधर के रूप में हुई। आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल आदमपुर में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना आदमपुर में 109, 132, 221, 324(4) बीएनएस व आर्म्स एक्ट की धाराएं 25/54/59 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक दविंदर सिंह उर्फ बाजा पहले भी कई गंभीर मामलों में शामिल रहा है जिनमें हत्या के प्रयास, हथियार अधिनियम और मारपीट के केस शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है।