चंडीगढ़। शहर में रंग मंच कर्मियों को एक और रंग मंच की सौगात मिलने वाली है। यूटी प्रशासन जल्द ही कलाग्राम में एक क्लोज थियेटर तैयार करने वाला है। योजना के तहत कलाग्राम में मौजूद दो थियेटरों में से एक ओपेन थियेटर को बंद कर दिया जाएगा। इसकी जगह टैगोर थियेटर की तरह एक क्लोज थियेटर तैयार किया जाएगा। इससे टैगोर थियेटर पर बढ़ रहा बोझ भी कम हो जाएगा। वहीं शहर में रंगमंच से जुड़े कलाकारों को एक अत्याधुनिक सुविधाओं से लैश मंच मिल सकेगा।
बताते चलें कि बीते दिनों पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने यूटी सचिवालय में हुई मीटिंग के दौरान इच्छा जताई थी कि टैगोर थियेटर की तर्ज पर शहर में एक और बड़ा थियेटर होना चाहिए। प्रशासन ने प्रशासक की इसी इच्छा को जल्द पूरा करने की योजना बनाई है। जिसको लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से कलाग्राम का दौरा भी किया जा चुका है। कलाग्राम का जायजा लेने के बाद प्रशासन के अधिकारियों ने इसमें कई तरह के बदलाव की योजना बनाई है।
ऐसे बनी योजना
सबसे पहले इसकी बाउंड्री वॉल ऊंची करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही ओपन ऐयर थियेटर को बंद कर यहां टैगोर थियेटर की तर्ज पर क्लोज थियेटर बनाने की भी योजना तैयार की गई। इससे दूरदराज से चंडीगढ़ आने वाले टूरिस्टों को एक और अच्छा स्थान देखने को मिल सकेगा।
संस्कृति के विकास को मिलेगा बढ़ावा
कलाग्राम में हर साल मेला लगता है, जिसमें कई सारे स्टॉल लगते हैं। कला एवं संस्कृति को इससे बढ़ावा मिलता है। नए ओपन थिएटर के शुरू होने से रंग कर्मियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए शहर में एक ओर नया मंच मिल जाएगा। शहर में कला सांस्कृतिक को बढ़ाने के उद्देश्य से एक ओर थिएटर बनाने का निर्णय लिया गया है।