पंचकूला। पंचकूला वोकेशनल टीचर्स एसोसिएशन की ओर से शनिवार को भी सेक्टर-5 हुड्डा ग्राउंड में धरना जारी रहा। टीचर्स ने कहा कि अनिश्चितकालीन हड़ताल जब तक मांगे नहीं मानी जाएगी तब तक जारी रहेगी। शनिवार को हड़ताल 11वें दिन भी जारी रही। टीचर्स ने वोकेशनल ट्रेनिंग प्रोग्राम का गुरुग्राम में बहिष्कार कर दिया।
धरने में शामिल होने वाले वोकेशनल टीचर्स को टर्मिनेट करने वाला लेटर जारी किया गया था। अब शिक्षा विभाग ने इस बीच आनन-फानन में टीचर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम रख दिए। इसके अलग-अलग शेड्यूल जारी किए हैं लेकिन वोकेशनल टीचर्स ने अपनी सैलरी बढ़ोतरी और जॉब सिक्योरिटी पॉलिसी की मुख्य मांगों को लेकर ट्रेनिंग प्रोग्राम का सामूहिक बहिष्कार कर रखा है। एनआईटी फरीदाबाद में चल रही ब्यूटी एंड वेलनेस के वोकेशनल टीचर्स ने बहिष्कार कर दिया था। उसके बाद इनकी कंपनी लेबरनैट से टर्मिनेट की धमकी के बाद वोकेशनल टीचर्स एकजुट हो गए हैं। वोकेशनल टीचर्स के राज्य प्रधान मुकेश गुर्जर ने बताया कि अनिश्चित कालीन हड़ताल मांग नहीं माने जाने पर जारी रहेगी।
पंचकूला धरना स्थल पर वापस आए टीचर्स
शनिवार को गुरुग्राम में रिटेल ट्रेड और तोशाम में सिक्योरिटी ट्रेड के वोकेशनल टीचर्स की ट्रेनिंग शुरू होनी थी। जिसमें वहीं पहुंचकर वोकेशनल टीचर्स ने सामूहिक रूप से बहिष्कार कर दिया और सभी वोकेशनल टीचर्स सीधे पंचकूला धरना स्थल पर पहुंच गए। उसके बाद से रिटेल की कंपनी बीएबल प्राइवेट लिमिटेड व एंपावर प्रगति प्राइवेट लिमिटेड कंपनियों से वोकेशनल टीचर्स को टर्मिनेट करने की धमकी की कॉल आ रही है। कंपनियों के कोआर्डिनेटरों केे कहना है कि शिक्षा विभाग से हमारे उपर दबाव पड़ रहा है। हरियाणा के सरकारी स्कूलों में स्किल्स विषयों के लिए वोकेशनल टीचर्स प्रोवाइडर के तहत लगाया गया है। पांच वर्षों से वेतन मे कोई बढोतरी न होने और कई-कई महीनों तक वेतन न मिलने से वोकेशनल टीचर्स में रोष है। प्राइवेट कंपनियां अपनी मनमानियों से वोकेशनल टीचर्स का शोषण कर रही है। ईएसआई के नाम पर काटे गए पैसे वापस नहीं दिए जा रहे हैं।