भाजपा की विजय संकल्प रैली में ट्रैफिक नियमों की उड़ी धज्जियां
- बिना हेलमेट के ही बाइक पर सवार होकर शहर में निकले कार्यकर्ता
- पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी नियमों को लेकर नहीं किया जागरूक
- रैली निकाल मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने का लिया संकल्प
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। शहर में शनिवार को निकाली गई भाजपा की विजय संकल्प रैली में ट्रैफिक नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ीं। भाजपा कार्यकर्ता हेलमेट की जगह सिर पर पटका बांधकर ही बाइक पर निकले। इतना ही नहीं उन्होंने रैली के दौरान किसी भी चौक पर ट्रैफिक सिग्नल का भी पालन भी नहीं किया। रैली में शामिल भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को ट्रैफिक नियमों को लेकर किसी तरह का कोई दिशा-निर्देश नहीं दिया और न ही सुरक्षा की दृष्टि से तैनात ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने किसी के खिलाफ कार्रवाई करने की जहमत उठाई। बता दें कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा देशव्यापी अभियान चलाकर प्रचार में जुट गई है। इसी के अंतर्गत भाजपा द्वारा पंचकूला और कालका में विजय संकल्प बाइक रैली का आयोजन किया। जिसमें सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता बाइक पर सवार होकर शामिल हुए।
पंचकूला विधानसभा की बाइक रैली को स्थानीय विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली सेक्टर-5 से शुरू हुई होकर शहर के विभिन्न सेक्टरों से होते हुए रामगढ़ होते हुए बरवाला पहुंची। रैली के शुभारंभ के दौरान विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस विजय संकल्प बाइक रैली का मक़सद आने वाले लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाना है। यहां एकत्रित सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने संकल्प लिया है कि वे फिर से मोदी को प्रधानमंत्री और प्रदेश में मनोहर लाल को मुख्यमंत्री बनाकर ही रहेंगे।
सांसद रतन लाल कटारिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने हर वर्ग के लोगों के लिए कार्य किया। आज विश्व में हमारे भारतवर्ष का नाम बहुत ही मान सम्मान से लिया जाता है। आज इस रैली के जरिए विश्व को भी यह बताना है कि हम सब एक हैं और सारा देश आज अपने वीर सैनिकों के साथ खड़ा है।
जिले में तीन जगह हुआ रैली का आयोजन
भाजपा पंचकूला के मीडिया प्रभारी नवीन गर्ग ने बताया कि जिले की दोनों विधानसभा में बूथ स्तर एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाली। कालका विधानसभा की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यहां से तीन जगह पर बाइक रैली का आयोजन किया गया। पिंजौर गार्डन के सामने सैकड़ों की संख्या में बाइक सवारों ने एकत्रित होकर रैली निकाली, जिसे कालका विधायक लतिका शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दूसरी रैली रायपुररानी से निकाली गई। जिसका नेतृत्व जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा ने किया। प्रदेश के एकमात्र पहाड़ी इलाके मोरनी से रवाना हुई तीसरी रैली, जिसे जिला महामंत्री वीरेंद्र राणा ने हरी झंडी दिखाई। बाइक रैली के आयोजन की जिम्मेदारी जिला उपाध्यक्ष अजय शर्मा एवं युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने निभाई।