बैंक अधिकारियों पर लगाया सोसाइटी के साथ मिलकर लगाया आरोप
बातचीत के आश्वासन पर माने विद्यार्थी
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के सैकड़ों विद्यार्थियों ने मंगलवार को कालेज सील करने वाले पंजाब एंड सिंध बैंक के आगे प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने बैंक अधिकारियों पर सोसाइटी के साथ मिलकर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। सड़क पर धरना लगने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को बैंक अधिकारियों संग बातचीत करवाने का आश्वासन देकर धरना समाप्त करवाया।
जानकारी के अनुसार बैंक के बाहर प्रदर्शन कर कॉलेज की छात्र यूनियन के प्रधान कपिल खत्री, दीपक रामचंद्रा, डा. पूनम, डा. हिमाली, डा. मनप्रीत, राहुल शाक्य, डा. विशाल ने बैंक अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सोसाइटी को कॉलेज के लिए दान की गई जगह पर बैंक लोन नहीं दे सकता था। बैंक अधिकारियों ने सोसाइटी के पदाधिकारियों संग मिलकर इस पर करोड़ों रुपये का लोन किया जिसको अदा न किए जाने के चलते आज छात्रों का भविष्य अंधकार में डूब रहा है। उन्होंने कहा कि अगर सोसाइटी को विद्यार्थियों के भविष्य की फिक्र है तो वह लोन अदा करें लेकिन वह भी इसमें रुचि नहीं दिखा रहे। उन्होंने कहा कि पंजाब में बने 4 मेडिकल कॉलेजों में एक कॉलेज पहले ही बंद हो चुका है। अब यह दूसरा कॉलेज भी बंद होने की कगार पर है। विद्यार्थियों ने कहा कि अब वह अपना भविष्य बचाने के लिए डीसी व एसएसपी का दरवाजा खटकाएंगे। इधर करीब एक घंटे तक सड़क पर चक्का जाम की गंभीर स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी परमजीत सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। विद्यार्थियों को बैंक अधिकारियों से बातचीत करवाने का आश्वासन देकर धरना समाप्त करवाया गया।
इस समाचार की फोटो एबीआर 1 भेजी जा रही है।