समर वेकेशन खत्म, आज से मिलेंगे डॉक्टर
पीजीआई और मेडिकल कॉलेज में चल रही थी समर वेकेशन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पिछले दो महीने से बड़े अस्पतालों के डॉक्टरों की जारी समर वेकेशन रविवार को खत्म हो गई है। सोमवार से पीजीआई और मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर काम पर लौट आएंगे। अब तक उनकी अनुपस्थिति पर जूनियर डॉक्टर व उनके साथी मरीज को देख रहे थे। इससे मरीजों को थोड़ी बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सीनियर डाक्टरों के छुट्टी होने से जूनियर डॉक्टरों पर काम का बोझ भी ज्यादा था। डॉक्टरों के आने से उन्हें और मरीजों को राहत मिल जाएगी।
दरअसल, पीजीआई के 50 प्रतिशत डॉक्टर 15 मई से लेकर 15 जुलाई तक छुट्टी पर रहते हैं। 15 मई से 15 जून तक आधे डॉक्टर छुट्टी पर रहते हैं, जबकि आधे डॉक्टर 15 जून से 15 जुलाई तक। कुछ इसी तरह से मेडिकल कॉलेज के आधे डॉक्टर भी छुट्टी पर रहते हैं। हालांकि, दोनों संस्थानों के डॉक्टरों की ओपीडी की जिम्मेदारी उनके साथी डॉक्टरों को दी जाती है मगर इसके बावजूद मरीजों को राहत नहीं मिलती है। उन्हें धक्के खाने पड़ते हैं। जूनियर डॉक्टर ही उन्हें देखते हैं। कई बार तो जूनियर डॉक्टर भी जल्दबाजी में देखकर मरीज को वापस भेज देते हैं। इससे भी मरीजों को दिक्कतें आती थीं। अब समर वेकेशन खत्म हो चुकी है और सोमवार से डॉक्टर भी काम पर लौट आएं हैं।