एमआईएस पोर्टल अपडेट न होने से अटके तबादले
- स्कूल शिक्षा विभाग ग्रीष्मकालीन अवकाश में तबादलों की योजना नहीं चढ़ा पाया सिरे
- अब जुलाई में प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद, टीजीटी के तबादले और रेशनेलाइजेशन एक साथ
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
हरियाणा के सत्तर से 80 हजार स्कूल शिक्षकों के तबादले एमआईएस पोर्टल अपडेट न होने से अटक गए हैं। स्कूल शिक्षा विभाग ने गर्मियों की छुट्टियों के दौरान जेबीटी, सीएंडवी, टीजीटी और पीजीटी के तबादले की योजना बनाई थी, लेकिन होमवर्क पूरा न होने से सिरे नहीं चढ़ पाई। रही-सही कसर शिक्षकों और खंड व जिला शिक्षा अधिकारियों ने पूरा कर दी। शिक्षा निदेशालय की बार-बार चेतावनी के बावजूद शिक्षक एमआईएस पर अपना प्रोफाइल सही करने में हीलाहवाली कर रहे हैं, जबकि जिला शिक्षा अधिकारी उन पर लगाम नहीं कस पा रहे।
बीते हफ्ते शिक्षा निदेशालय ने अंतिम चेतावनी जारी करते हुए शिक्षकों को जल्द डाटा अपडेट करने के निर्देश दिए हैं, अन्यथा उन पर कड़ी कार्रवाई तो होगी ही, साथ ही ऑनलाइन तबादला प्रक्रिया से वंचित भी रहना पड़ सकता है। जून में तबादले न हो पाने पर अब जुलाई में शैक्षणिक सत्र के दौरान तबादलों की उम्मीद जताई जा रही है। स्कूल शिक्षा विभाग चाहता था कि अवकाश के दौरान यह प्रक्रिया पूरी हो जाए ताकि एक जुलाई से शिक्षक नए स्कूलों में ज्वाइन करें। ऐसा न होने पर अब विभाग ने टीजीटी की रेशनेलाइजेशन और तबादले एक साथ ही करने का निर्णय लिया है।
स्कूल शिक्षा विभाग के एसीएस पीके दास से हरियाणा मास्टर वर्ग एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य प्रधान रमेश मलिक के नेतृत्व में मुलाकात भी की है। दास ने उन्होंने सभी नियमों की अनुपालना करते हुए तबादला प्रक्रिया जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया है।