डैमेज कंट्रोल : मतदाता सूचियां सार्वजनिक करेगी कांग्रेस
- सूचियों पर दिग्गजों के आपत्ति जताने के बाद स्क्रीनिंग कमेटी ने लिया निर्णय
- कंप्यूटर में डाटा फीड करने के साथ आपत्तियों का तत्काल होगा निपटारा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
हरियाणा कांग्रेस कमेटी के संगठनात्मक चुनाव की मतदाता सूचियों पर दिग्गज नेताओं के सवाल उठाने के बाद डैमेज कंट्रोल शुरू हो गया है। पार्टी हाईकमान चुनाव को लेकर बेवजह किसी तरह का गतिरोध नहीं चाहता है। पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के साथ ही राज्यसभा सदस्य कुमार सैलजा के आपत्ति जताने से प्रदेश कांग्रेस की दिक्कतें बढ़ गई थीं और पदाधिकारियों को जवाब देना मुश्किल हो रहा था, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने खुद मोर्चा संभालते हुए सूचियों की सत्यता कायम रखने के निर्देश दिए।
इस क्रम में रविवार को हाईकमान की ओर से गठित राज्य चुनाव स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें ब्लॉक व जिला स्तर की सभी सदस्यता सूचियां सार्वजनिक करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सभी सदस्यों का डाटा कंप्यूटर में फीड करने और सूचियां 15 दिन में चस्पा करने पर राय बन गई है। सूचियां चंडीगढ़ स्थित कांग्र्रेस मुख्यालय में चस्पा की जाएंगी। सहायक चुनाव अधिकारी हरपाल ठाकुर और चुनाव समन्वयक हरिओम कौशिक की मौजूदगी में स्क्रीनिंग कमेटी के 12 सदस्यों में से 11 ने बैठक में भाग लिया।
प्रदेश महासचिव अजय चौधरी के स्थान पर सैलजा समर्थक पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी बैठक में शामिल हुए, जबकि युवक कांग्र्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष सचिन कुंडू और एनएसयूआई के प्रधान इंतजार हुसैन ने भी अपना मत रखा। कमेटी में चार सदस्य अशोक तंवर समर्थक, तीन हुड्डा समर्थक, दो रणदीप सुरेजवाला और एक-एक किरण चौधरी, कैप्टन अजय यादव और कुमारी सैलजा समर्थक हैं। कैप्टन समर्थक नरेश शर्मा बैठक में शामिल नहीं हुए।
प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष तरुण भंडारी ने बताया कि सभी सदस्यों ने मतदाता सूचियों को लेकर आने वाली आपत्तियों का निस्तारण जल्द करने और इन्हें चस्पा करने पर सहमति दी है। आपत्तियों का निपटारा चुनाव अधिकारी प्रदीप जैन, सह चुनाव अधिकारी हरपाल ठाकुर व जयेंद्र रमौला करेंगे। यदि किसी नेता के किसी सदस्य का नाम सूची में नहीं है तो उसे स्लिप और रिकार्ड की कापी दिखानी होगी।
ये रहे उपस्थित
पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान, तरुण भंडारी, अशोक शर्मा, जयपाल सिंह लाली, पूर्व मंत्री निर्मल सिंह, चक्रवर्ती शर्मा, जयदीप धनखड़, अजय चौधरी, सुमित्रा चौहान, रणधीर राणा और राम प्रताप शर्मा।