सड़क निर्माण न होने पर विधायक ने जाम किया हाईवे
चार घंटे तक धरने पर बैठे रहे, पक्का धरना लगाने की चेतावनी
नूरपुरबेदी (रोपड़)।
ब्लॉक नूरपुरबेदी में सड़कों की खस्ताहालत को लेकर आम आदमी पार्टी के विधायक अमरजीत सिंह संदोआ ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने नूरपुरबेदी-रोपड़ मुख्य मार्ग पर चार घंटे तक जाम लगाया।
उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान शुरू हुई गांव अब्याना से लेकर झज्ज चौक तक 18 किमी सड़क का काम अधर में लटका हुआ है। वह हलके की समस्याओं के लिए वित्त मंत्री मनप्रीत बादल और लोक निर्माण मंत्री रजिया सुलताना से मिल चुके हैं लेकिन सरकार ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द इस मार्ग का निर्माण पूरा नहीं करवाया गया तो वह इलाके के लोगों के साथ पक्के धरने पर बैठ जाएंगे। मौके पर उन्होंने नायब तहसीलदार नूरपुरबेदी अमनदीप चावला को मुख्यमंत्री पंजाब के नाम एक मांगपत्र भी सौंपा। इस दौरान भाजपा के राज्य उपाध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा, मोरिंडा से आप के उम्मीदवार रहे चरनजीत सिंह चन्नी, गुरनैब सिंह, जत्थेदार भुपिंदर सिंह बजरूड़, ब्लॉक यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रधान नरिंदर, दीवान सिंह मोठापुर, आप के जिला प्रधान मा. हरदयाल सिंह, रजिंदर काला मौजूद थे।