सफाई मुलाजिम हड़ताल पर, शहर में लगे गंदगी के ढेर
मंगलवार को इलाके के लोग होते रहे परेशान
मुलाजिमों का आरोप-कंपनी निर्धारित समय पर नहीं दे रही वेतन
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
शहर में मंगलवार को उस समय शहर की सफाई का काम रुक गया। जब प्राइवेट कंपनी के तहत काम कर रहे मुलाजिम हड़ताल पर चले गए। मुलाजिमों का आरोप है कि कंपनी वाले पहले सात तारीख को वेतन देते थे। बीते दो तीन महीनों से उन्हें समय पर सैलरी नहीं दी जा रही है। इस कारण उन्हें मजबूरी में काम बंद करना पड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, मुलाजिमों की हड़ताल का असर शहर में साफ देखने को मिला। सभी मार्केटों की पार्किंग में गंदगी के ढेर लग गए। वहीं, उनसे बदबू उठ रही थी। इससे शहर की सुंदरता पर भी ग्रहण लग रहा था। सबसे ज्यादा बुरा हाल फेज-दो, 3बी2, पांच और फेज-सात की मार्केट का था। जहां हर जगह गंदगी के ढेर लगे थे।
कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि नगर निगम द्वारा समय पर अदायगी न करने के कारण यह स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि कंपनी की कोशिश समय से लोगों को सेवा देना है। नगर निगम के कमिश्नर संदीप हंस ने कहा कि कंपनी की जिम्मेदारी बनती है कि वे अपने कर्मचारियों को वेतन निर्धारित समय पर दे। साथ ही इससे कंपनी को नगर निगम से मिलने वाली रकम से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई का काम प्रभावित होने पर कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
करोड़ों का दिया ठेका, फिर भी हाल खराब
नगर निगम ने शहर की सफाई का ठेका एक प्राइवेट कंपनी को दिया है। कंपनी को इसके लिए हर माह करीब एक करोड़ रुपये दिए जाते हैं। इसके बाद भी सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। जबकि कुछ दिन बाद ही स्वच्छता सर्वे होने वाला है।