सरकार ने रोकी ग्रांट तो रुका हॉकी एस्ट्रोटर्फ निर्माण
- समागम में तत्कालीन अकाली सरकार ने की थी गांव ढुडीके में टर्फ निर्माण की घोषणा
- खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में निराशा, आज नवजोत सिद्धू से मिलेंगे
दविंदर पाल सिंह
मोगा ।
गांव ढुडीके के सरकारी कॉलेज स्थित खेल के मैदान में निर्माणाधीन हॉकी एस्ट्रोटर्फ का निर्माण अधर में लटक गया है। वजह यह है कि सरकार ने इसकी ग्रांट रोक दी है। ऐसे में निर्माण कार्य अब पूरी तरह बंद है। इस प्रोजेक्ट की घोषणा पिछले वर्ष लाला लाजपत राय की 150वीं जन्म शताब्दी के मौके पर की गई थी। पूर्ववर्ती अकाली सरकार ने तब घोषणा के अनुरूप निर्माण कार्य भी शुरू कराया था। अब ग्रांट रोके जाने को लेकर क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में निराशा है। खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मामले में को लेकर सोमवार को पूर्व क्रिकेटर और कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू से मिलने का निर्णय लिया है।
उपमंडल अधिकारी, लोक निर्माण विभाग चरनजीत पाल ने निर्माण कार्य बंद होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ग्रांट आने बाद काम शुरू कर दिया जाएगा। दूसरी तरफ लाला लाजपत राय यादगारी समिति के महासचिव रणजीत सिंह धन्ना ने कहा है कि हॉकी जैसे खेल को उत्साहित करने के लिए यह प्रोजेक्ट कारगर साबित होने वाला था, लेकिन वर्तमान कैप्टन सरकार के कदम से उन्हें भारी निराशा हुई है। कहा कि यादगारी समिति समेत अन्य लोगों का प्रतिनिधिमंडल मंत्री नवजोत सिद्धू को चंडीगढ़ में मिलेगा।
काबिलेगौर है कि प्रोजेक्ट के लिए कुल 4.50 करोड़ में से तीन करोड़ रुपये की ग्रांट मंजूर की गई थी। विभाग ने टेंडर के तहत काम शुरू करवाया था। तकरीबन 25 लाख रुपये खर्च कर गए दिए हैं। पंजाब में कैप्टन सरकार के नेतृत्व में नई सरकार बनने बाद ग्रांट रोकने से इस प्रोजेक्ट पर काम थम गया है।
खेलों को बढ़ावा देने के मामले में न हो सियासत
एस्ट्रोटर्फ के लिए खेल विभाग के जरिये तकरीबन तीन करोड़ की लागत से लगने वाले तीन बड़े फव्वारे, नेट, पानी स्टोर करने के लिए टैंक और मोटर आदि बनने थे। हॉकी कोच कुलवंत सिंह पन्नू ने बताया कि साल 1947 के बाद गांव ढुडीके के अलावा पास के तमाम गांवों के युवक हॉकी खेल से जुड़े हुए हैं और कई ओलंपियन खेल चुके हैं। उन्होंने कहा कि हॉकी एस्ट्रोटर्फ बनने से नौजवानों में इस खेल प्रति ओर उत्साह बढ़ेगा। हॉकी कोच विजय कौशिक का कहना है कि खेलों को बढ़ावा देने के उपाय सरकार की ओर से जारी रखने चाहिए। ऐसे मामलों में सियासत उचित नहीं है।
फोटो कैप्शन - गांव ढुडीके में सरकारी कॉलेज के खेल मैदान में बन रहा हॉकी ऐस्टोट्रफ का बंद पड़ा निर्माण