इंटरनेशनल फुटबॉल स्टेडियम
जुलाई तक हो जाएगा तैयार
10 करोड़ की लागत से बन रहे स्टेडियम का 50 प्रतिशत काम पूरा
बरमूडा घास और इंटरनेशनल मैदान के आसपास पहाड़ियां खेल प्रेमियों को लुभाएंगी
संजीव पंगोत्रा
चंडीगढ़। खेल विभाग खिलाड़ियाें को बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर देने की तैयारी में है। सेक्टर-17 में 10 करोड़ की लागत से फुटबॉल का इंटरनेशनल स्टेडियम बनाया जा रहा है। बीते साल फरवरी माह से बनाया जा रहा स्टेडियम जुलाई महीने तक बनकर तैयार हो जाएगा। इसका 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अब जहां पर इंटरनेशनल स्टेडियम बनाया जा रहा है, वहां पर एक छोटा सा फुटबॉल स्टेडियम था, जिसे कई साल पहले बनाया गया था।
स्टेडियम में अंदर फुटबॉल के मैदान पर हरी भरी बरमूडा घास लगाई जा रही है। इंटरनेशनल मैदान की तरह आसपास घास की पहाड़ियां बनाई जा रही हैं, जिसका दर्शक लुत्फ उठा सकेंगेे। एक बड़ा पैवेलियन भी बनाया जा रहा है। स्टेडियम के चाराें तरफ फ्लड लाइट लगाई जा रही है ताकि शाम केसमय खेल का आयोजन हो सके। इसके साथ-साथ खिलाड़ी अभ्यास भी कर सकेंगे। मैचाें केदौरान स्टेडियम में बड़ी स्क्रीन की व्यवस्था की जा रही है, जिस पर ठीक तरह से लाइव देखा जा सकेगा। इलेक्ट्रानिक स्कोर बोर्ड पर दर्शक आसानी से स्कोर जान सकेंगे। स्टेडियम में शानदार पैवेलियन तैयार किया जा रहा है। इसके साथ खिलाड़ियाें के लिए चेजिंग और ड्रेसिंग रूम की व्यवस्था होगी।
बास्केटबॉल, साइक्लिंग, बैडमिंटन की भी सुविधा
इंटरनेशनल फुटबॉल स्टेडियम में मैदान के बाहर कई अन्य खेलों की भी व्यवस्था और सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इनमें दो बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट, साइक्लिंग ट्रैक के साथ-साथ जॉगिंग ट्रैक भी बनाया जा रहा है।
कोट
शहर का शानदार फुटबॉल स्टेडियम बन रहा है। इसी साल खिलाड़ियाें को सौंप दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर की अत्याधुनिक सुविधाएं खिलाड़ियों को राहत देंगी। फु़टबॉल का क्रेज बढ़ेगा।
- रविंदर सिंह लाड़ी, डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स ऑफिसर
अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनने से शहर में फुटबॉल का क्रेज अधिक देखने को मिलेगा। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तो युवा खेल में रुचि लेंगे।
डॉ. महेंद्र सिंह, ज्वाइंट डॉयरेक्टर स्पोर्ट्स