75 हजार विद्यार्थियों में से चुने गए 12 विद्यार्थियों ने अंतिम परीक्षा में दिखाया दम
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सड़क सुरक्षा के प्रति बच्चों में जागरूकता और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा आयोजित रोड सेफ्टी क्विज प्रतियोगिता में पंचकूला के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है।
तीन चरणों में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के 75 हजार 522 विद्यार्थियों में से 12 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय रोड सेफ्टी प्रतियोगिता के लिए किया गया। अंतिम चरण की परीक्षा सेक्टर-1 स्थित पीजी कॉलेज में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्ग और स्कूलों से आए 12 छात्रों को चुना गया।
अंतिम परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों के साथ-साथ 63 विद्यार्थियों को भी एसीपी सुरेंद्र सिंह ने प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। एसीपी ने कहा कि बच्चों की बढ़ती रुचि सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय में समाज के लिए सकारात्मक संकेत है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि प्रतियोगिता का पहला चरण 15 अक्टूबर 2025 को आयोजित हुआ, जिसमें जिले से 75 हजार 522 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके बाद दूसरे चरण के लिए 1300 विद्यार्थियों का चयन किया गया। 25 नवंबर 2025 को आयोजित दूसरे चरण से 63 विद्यार्थियों ने अंतिम परीक्षा में हिस्सा लिया। अब इन 63 में से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 विद्यार्थी राज्य स्तर पर पंचकूला का प्रतिनिधित्व करेंगे।