हरियाणा सरकार स्वामित्व योजना को समयबद्घ तरीके से पूरा करने के लिए जल्दी 10 ड्रोन खरीदेगी। सरकार ने गांवों को निर्धारित समय सीमा में लाल डोरा मुक्त करने का लक्ष्य रखा है। हर जिले आधुनिक राजस्व रिकार्ड को तय समय में तैयार करें। योजना को पूरा करने के लिए हर सप्ताह क्षेत्रीय स्तर पर भी समीक्षा की जाएगी।
वित्तायुक्त संजीव कौशल ने कहा कि करनाल के साथ लगती यूपी की सीमा पर 20 जगह पिल्लर लगाने का कार्य 15 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। पानीपत, सोनीपत, पलवल, फरीदाबाद और करनाल के डीसी की बैठक 16 जून को करनाल में आयोजित की जाएगी। बैठक के बाद डीसी सहित सभी अधिकारियों को करनाल में यूपी की सीमा के साथ लगते सीमांकन क्षेत्र का दौरा कराया जाएगा। इससे उन्हें अपने-अपने जिले में उत्तर प्रदेश की सीमा के साथ लगते क्षेत्र में सीमांकन कार्य करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने सर्वे ऑफ इंडिया के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे उत्तर प्रदेश एवं दिल्ली के साथ लगती हरियाणा की सीमा के क्षेत्र का स्ट्रिप मैप भी तैयार करें ताकि जल्द विवादों को निपटाया जा सके। पूरे हरियाणा राज्य में स्वामित्व योजना का कार्य 90 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। अधिकारी पूरी लगन व समर्पित भाव से इस योजना को सिरे चढ़ाने का काम करें।
इस योजना को सबसे पहले हरियाणा ने लागू किया था और उसके बाद केंद्र सरकार ने इस योजना को पूरे देश में लागू किया। उन्हें पूरी उम्मीद है कि योजना को सबसे पहले हरियाणा सिरे चढ़ाएगा। राज्य में अब कोविड-19 का प्रकोप काफी हद तक कम हो चुका है और पॉजिटिविटी रेट 1.24 प्रतिशत रह गया है इसलिए योजना को पूरा करने के कार्य में तेजी लाई जाए।