पलवल। शहर थाना अंतर्गत आपसी रंजिश के चलते एक युवक को बंधक बनाकर पीटा गया। देशी कट्टा से सिर में बाटा मार जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
शहर थाना पुलिस इंचार्ज इंस्पेक्टर महेश चंद शर्मा ने बताया कि थाना चांदहट के गांव कुरारा शाहपुर निवासी ओमबीर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि मेरे बेटे सुमित को आपसी रंजिश के चलते संजय व अंशु निवासी बड़ा मोहल्ला, रिंकु निवासी दयाबस्ती, जीतन निवासी शेखपुरा तथा सौरभ व दो अन्य युवकों ने बीती नौ फरवरी को दयाबस्ती स्थित मक्खी के ऑफिस पर बुलाया। वहां पर जाते समय सुमित अपने साथ अनिकेत नामक युवक को भी साथ ले गया। आरोपियों ने सुमित को ऑफिस पर बंधक बनाकर मारपीट की। इस बारे में घटना के दौरान सुमित ने कुछ नहीं बताया। बीती वीडियो वायरल हुआ, जिसमें सुमित की पिटाई की जा रही थी। वीडियो के बारे पूछने पर सुमित ने घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।