फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Palwal News: क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर युवक से ठगे 54 लाख रुपये

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

पलवल। क्रिप्टो ट्रेडिंग कर रुपये कमाने का लालच देकर युवक से 54 लाख रुपये की ठगी कर ली। शादी डॉट कॉम वेबसाइट पर महिला ने संपर्क कर बातों में फंसा लिया। ड्यून कॉइन वीआईपी वेबसाइट के जरिये विभिन्न खातों में रुपये डलवाकर पीड़ित का खाता बंद कर दिया। रुपये वापस मांगे तो फोन नंबर बंद कर लिया। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर एक नामजद सहित अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस आरोपियों का सुराग नहीं लगा पाई है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विश्व गौरव के अनुसार खैलकलां मौहल्ला निवासी अंकित ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसने जीवन साथी डॉट कॉम वैवाहिक साइट पर शादी के लिए अपना प्रोफाइल डाला हुआ है। 10 नवंबर 2023 को उसके पास साइट से रिधि शर्मा नाम की एक लड़की की रिक्वेस्ट आई। उसने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली, जिसके बाद दोनों वैवाहिक चेट पर अपने संपर्क विवरण का आदान-प्रदान करने लगे। दोनों की व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी। रिधि शर्मा ने ड्यून कॉइन वीआईपी वेबसाइट पर ऑनलाइन क्रिप्टो ट्रेडिंग कर लाभ उठाने का सुझाव दिया। रिधि शर्मा ने दो लोगों का नंबर देकर उनसे संपर्क कराया। उन्होंने उसे ट्रेडिंग करने का तरीका समझाया और विभिन्न खातों में रुपये डालने के लिए कहा। उसने अपने खाते से विभिन्न खातों में करीब 55 लाख रुपये डाल दिए। बीती तीन जनवरी को उसके खाते में साइट की तरफ से एक लाख रुपये डाले गए। 16 जनवरी को ड्यून कॉइन वीआईपी वेबसाइट पर खुला उसका खाता बंद हो गया उसने जब इस बारे में संपर्क किया तो पूरा मामला फर्जी निकला। उसके बाद वह आरोपियों से अपने रुपये को वापस देने की मांग करता रहा, लेकिन उसके पैसे वापस नहीं दिए गए। रिधि शर्मा व उसके द्वारा बताए गए दोनों लोगों के नंबर बंद हो गए। फर्जीवाडे़ के बारे में पता चलने पर उसने मामले की शिकायत व खातों में हुए लेन-देन का विवरण पुलिस को सौंपा। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर गुहार लगाई है कि उसके साथ हुई ठगी की रकम को वापस दिलाया जाए।
विज्ञापन

साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी संदीप कुमार के अनुसार पीड़ित द्वारा दी गई बैंक डिटेल को जांच के लिए संबंधित बैंक के पास मेल भेजकर कर जानकारी मांगी गई है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

पहले भी लोगों के साथ हो चुकी है ठगी
जिले में साइबर ठगी के मामले निरंतर बढ़ रहे हैं। पहले भी ऑनलाइन कमाई का लालच देकर लोगों से करोडों की ठगी की जा चुकी है। ऑनलाइन साइट ओएलएक्स में नौकरी देने के नाम पर व घर बैठे पैसे कमाने के नाम पर ठगी की जा चुकी है। गांव रामगढ़ निवासी अशोक को घर बैठे आमदनी देने का लालच देकर आठ लाख की ठगी कर ली गई। कंपनी कर्मचारी से ओटीपी पता कर 70 हजार रुपये ठग लिए। गांव बामनीखेड़ा से बेरोजगार इंजीनियर को अमेरिका में नौकरी दिलाने के नाम पर ढाई लाख रुपये की ठगी कर ली। इसके अलावा जिले में आधार कार्ड नंबर व अंगूठे का निशान का इस्तेमाल कर करोड़ों की ठगी हो चुकी है।
विज्ञापन

-
लालच में आकर मेहनत की कमाई को न गवाएं
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ.अंशु सिंगला ने बताया कि ऑनलाइन ठगी को देखते हुए निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पलवल पुलिस की 30 टीमें विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षक, छात्र व आमजन को साइबर अपराध, महिलाओं व बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के बारे में जागरूक कर रही हैं। सभी जगह साइबर अपराध, महिला अपराध, यातायात नियमों और नशे के दुष्प्रभाव से बचाव संबंधित सामग्री भी वितरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि आपके साथ किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी हो जाती है तो तुरंत नेशनल साइबर कंप्लेंट पोर्टल नंबर 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा साइबर अपराध थाना या नजदीक पुलिस स्टेशन में साइबर हेल्प डेस्क पर भी अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें