संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। पिछले एक महीने से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे पटवारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो हड़ताल सात फरवरी तक चलेगी। सोमवार को हुए धरने की अध्यक्षता पूर्व प्रधान विनोद दलाल ने की। विनोद दलाल ने कहा कि आम जनता को हो रही परेशानी के लिए हमें खेद है, लेकिन इसकी जिम्मेदार हरियाणा सरकार की है। हम अपनी मांगों के लिए लड़ रहे हैं। सरकार को अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए मांगों को जल्द से जल्द मान लेना चाहिए।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 25 जनवरी को सीएम द्वारा की गई घोषणा के मुताबिक पटवारी का पे ग्रेड 25,500 से बढ़ाकर 32 हजार किया गया था, जिसे लागू किए जाने के लिए पटवारी लगातार मांग कर रहे हैं। वर्ष 2016 से पे ग्रेड को लागू किया जाए। सरकार अपने किए हुए वादे को पूरा करे और आमजन को हो रही परेशानी से निजात दिलाए, जिससे लोगों का सरकार पर विश्वास बना रहे। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ उनकी बातचीत भी हो चुकी है, जो कि सिरे नहीं चढ़ पाई है। सरकार से बातचीत सिरे नहीं चढ़ने पर हड़ताल सात फरवरी तक बढ़ा दी गई है। इस मौके पर प्रधान अमर सिंह भाटी, अभिषेक लांबा, धर्मवीर, विनोद तेवतिया, अनिल जाखड़, अमर सिंह, जितेंद्र शर्मा, नानक, बलवान आदि मौजूद थे।