- मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए तथा घायलों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में लाया गया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मृतकों के परिजनों तथा घायलों के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सदर थाना अंतर्गत गांव पिंगौड में सुबह सैर करने गए व्यक्ति को वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी छत्रपाल ने बताया कि पिंगौड के रहने वाले दिनेश कुमार ने शिकायत दी है कि सोमवार सुबह करीब पांच बजे उसके पिताजी जयपाल रोजाना की तरह घूमने के लिए गए थे। गांव में ही हसनपुर रोड पर हनुमान मंदिर के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसके पिताजी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसके पिता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य मामले में श्यारौली गांव निवासी सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह और उसके पिता एपीजे कॉलेज में नौकरी करते हैं। दोनों बाइक पर सवार होकर अपने गांव से ड्यूटी पर जा रहे थे। एक कंपनी के सामने उनके गांव का लड़का मामचंद खड़ा मिला तो उन्होंने बाइक रोक ली और बातें करने लगे। इसी दौरान पलवल की तरफ से आए एक ईंटों से भरे ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। इसमें उसके पिता परसराम को गंभीर चोटें लगी। उसे और मामचंद को भी चोटें लगी। ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने तीनों को घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर व बाइक को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा कर लिया। बाद में घायल परसराम की हालत नाजुक देखते हुए हॉयर सेेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। परसराम की नोएडा के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने घायल सोनू की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया।
ऑटो और कार की टक्कर में छह घायल
महेशपुर गांव निवासी सोहनपाल ने दी शिकायत में कहा है कि उसका बेटा सतीश बल्लभगढ़ की एक कंपनी में नौकरी करता है। सतीश, महेशपुर गांव निवासी अभिषेक, राखौता गांव निवासी घनश्याम, बढ़ा गांव निवासी लक्ष्मण व योगेश ऑटो में बैठकर पलवल से अपने-अपने गांव के लिए आ रहे थे। ऑटो को बढ़ा गांव निवासी सुंदर चला रहा था। जब उनका ऑटो रजौलका गांव के मोड़ पर पहुंचा तभी सामने से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी। घटना में ऑटो चालक सहित सभी घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। दुर्घटना के बाद कार चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।