होडल। क्षेत्र में खाद की किल्लत को लेकर किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खाद बिक्री केंद्रों पर किसान चक्कर काटते रहते हैं, लेकिन समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। गांव बंचारी और भुलवाना निवासी दर्जनों किसान बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय पहुंच गए और एक सेल्समैन पर भेदभाव का आरोप लगाया। यहां किसानों ने एसडीएम वकील अहमद को लिखित शिकायत देने का प्रयास किया, लेकिन उनकी गैर मौजूदगी में नायब तहसीलदार गौरव रोजरा को शिकायत दी और समस्याओं से अवगत कराया।
शिकायत में किसान मुकेश, दरयाब सिंह, वीरेंद्र, रोहताश, कमल सिंह, नरेश, प्रदीप, जगदीश, भगत सिंह, करन सिंह, अमर सिंह, राजबीर, रामबीर, चंदनसिंह, कुमर सिंह सहित दर्जनों अन्य किसानों ने बताया कि पिछले कई दिनों से खाद की किल्लत बनी हुई है। ग्रामीणों ने शिकायत में आरोप लगाया कि सेल्समैन रामबीर द्वारा गांव में खाद उपलब्ध कराने में भेदभाव किया जा रहा है। कर्मचारी अपने निजी लोगों को खाद उपलब्ध करा देता है, लेकिन अन्य लोगों के लिए कहता है कि वह अपनी मर्जी से इसी प्रकार खाद वितरित करेगा। ग्रामीणों ने बताया कि फसल बिजाई का समय निकट आ पहुंचा है, लेकिन गांव के सेंटर पर अभी तक खाद उपलब्ध नहीं है। विभागीय अधिकारी भरपूर मात्रा में खाद दिए जाने का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन किसानों को न तो खाद केंद्रों पर उपलब्ध हो रहा है और न ही बाजार में। जिसके कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सेल्समैन को किसी दूसरे स्थान पर भेजने और सभी ग्रामीणों को बगैर भेदभाव के खाद उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। जिस पर नायब तहसीलदार गौरव रोजना ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह इस मामले में शीघ्र ही विभागीय डिप्टी डायरेक्टर से बातचीत करेंगे और खाद की समस्या का समाधान कराएंगे। बीती देर सांय भी होडल गोडोता चौक स्थित सहकारी समिति खाद वितरण केंद्र पर भी डीएपी खाद के मामले को लेकर किसानों और विभागीय अधिकारियों के बीच नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद किसानों को खाद उपलब्ध हो सका।