Villagers expressed anger over not being arrested in the murder case
पलवल। गांव फुलवाड़ी में पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य और आरएमपी (रजिस्टर्ड मेडिकल प्रैक्टिशनर्स) डॉक्टर राजकुमार की हत्या मामले में गिरफ्तारी न होने के विरोध में रविवार को ग्रामीणों ने सदर थाना परिसर में रोष जताया। ग्रामीणों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। राजकुमार के भाई नरेश ने बताया कि पुलिस जानबूझकर मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। हत्या के तीसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली है। यदि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो जिला पुलिस अधीक्षक से शिकायत की जाएगी।
दरअसल, शुक्रवार रात गांव फुलवाड़ी निवासी डॉ. राजकुमार उर्फ राजू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले में गांव फुलवाड़ी निवासी नरेश ने पुलिस को शिकायत दी थी कि भाई राजकुमार की घर के पास ही आरएमपी डॉक्टर की दुकान थी। गांव निवासी सतपाल उर्फ शीशपाल से उसकी दोस्ती थी। शुक्रवार रात सतपाल ने राजू को फोन कर घर बुलाया। वहां गांव निवासी महेश और अजीत के अलावा खटैला सराय निवासी चतर भी मौजूद थी। सतपाल के घर पर राजू को शराब पिलाई गई। शराब के नशे में उसके साथ चारों ने मारपीट की। विरोध करने पर चतर ने उसके सिर में गोली मार दी। सतपाल ने मामले की सूचना राजू के भाई नरेश को दी। नरेश आनन-फानन में राजू को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृतक घोषित कर दिया।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर आरोपी महेश को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी जा रही है।
सार्वजनिक स्थान पर पी रहे थे शराब, 4 गिरफ्तार
पलवल। सदर थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने पर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी सुखबीर के अनुसार, उन्होंने गश्त के दौरान गांव बामनीखड़ा के समीप से सरेआम शराब पीते गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव फुलवाड़ी निवासी रामावतार, हरेंद्र और यूपी के शेरगढ़ निवासी सुनील के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद