पलवल में राजमार्ग पर बनाई वाहन पार्किंग में खड़े दुपहिया वाहन
- फोटो : Palwal
पलवल। एक तरफ पहले ही शहर में एलिवेटिड पुल निर्माण के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। ऊपर से बस अड्डा चौक के पास कुछ लोगों ने राजमार्ग पर ही अवैध पार्किंग बना लोगों के दोपहिया वाहन खड़े कराने शुरू कर दिए हैं। इससे बस अड्डा के पास जाम की समस्या और बढ़ जाती है। दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर खुलेआम चल रही वाहन पार्किंग न तो यातायात पुलिस विभाग को दिखाई दे रही है और न ही प्रशासन व नगर परिषद अधिकारियों को।इस पार्किंग से यातायात व्यवस्था तो ठप हो रही है। साथ ही दुर्घटना का खतरा भी बन रहा है।
बस अड्डा चौक से थोड़ी आगे दिल्ली रोड पर सड़क किनारे कुछ दोपहिया वाहन लाइनों में खड़े दिखाई देते हैं। जानकारी लेने पर बताया गया कि यह वाहन पार्किंग है। वहीं आसपास वाहन पार्किंग चलाने वाले इन इन दोपहिया वाहनों को सड़क किनारे राजमार्ग पर खड़ा कराना शुरू कर दिया है। इसके बदले दोपहिया वाहन चालकों से बाकायदा पार्किंग के रुपये भी लिए जाते हैं। यातायात पुलिस विभाग की मिलीभगत से चल रही यह पार्किंग लोगों के लिए खासकर आगरा से दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन चालकों के लिए बेहद परेशानी का कारण बन रही है। इससे वहां कई बार जाम की स्थिति बन जाती है।
यातायात पुलिस प्रभारी रविंद्र कुमार का कहना है कि इस पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वाहनों को हटवाया जाएगा तथा पार्किंग के नाम पर यहां वाहन खड़े करवाने वालों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा तथा चालान काटा जाएगा।
दुर्घटना का बना रहता है खतरा
इस वाहन पार्किंग के कारण कई बार दुर्घटना का भी खतरा रहता है। चालक यहां अपने वाहन खड़ा करने के लिए कई बार अचानक वाहन को मोड़ देते हैं, जिससे बस अड्डा जाम से निकलकर तेज गति से निकलने वाले बड़े वाहनों से इनके टकराने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा भी जाम अधिक होने के कारण अन्य वाहन यहां से इन दोपहिया वाहनों के कारण नहीं निकल पाते हैं।
शिकायत के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई
स्थानीय निवासी व प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक राजवीर, सुनील सैनी, मामचंद का कहना है कि इस समस्या के बारे में कई बार यातायात पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। इसके अलावा नगर परिषद अधिकारियों को भी शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन उसके बाद भी कोई समाधान नहीं हो रहा है।