-हथीन में एक छात्र को नकल करते पकड़ा, बनाया केस
-दीवारों व छतों पर नकल फेंकने वालों का लगा रहा झुंड
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं के पेपर में भी जिले में जमकर नकल चली। पुलिस के लाख प्रयास के बावजूद लोग नकल फेंकने से नहीं रुके। जिले के हथीन उपमंडल में एक सरकारी स्कूल में नकल करते हुए उड़नदस्ता टीम ने एक छात्र को पकड़कर उसके खिलाफ केस बना दिया। पेपर के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास व बाहर पूरी तरह से अव्यवस्था रही।
मंगलवार को कक्षा 10वीं का संस्कृत, पंजाबी, उर्दू और गृहविज्ञान का पेपर था। परीक्षार्थी पेपर शुरू होने से एक घंटा पहले ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए। जहां उन्हें गहनता से जांच करने के बाद परीक्षा हाल में बैठा दिया गया। पेपर शुरू होने के साथ ही केंद्रों के बाहर दीवारों व छतों से नकल फेंकनी शुरू कर दी गई। युवक दीवारों पर चढ़कर नकल फेंकते रहे और खूब शोर-शराबा करते रहे। पुलिसकर्मी उन्हें वहां से भगाने का प्रयास करते रहे, लेकिन नकल फेंकने वाले नहीं रुके।
-
केंद्रों के बाहर लगी हुई है धारा 144
बोर्ड की परीक्षाओं के दौरान जिलाधीश नेहा सिंह द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर तक के दायरे में धारा 144 लगाई हुई है। उसके बावजूद परीक्षा केंद्रों के गेट पर और पीछे दीवारों पर नकल फेंकने वालों की भीड़ थी। पुलिस कर्मी उन पर डंडे भी पटकाते रहे, लेकिन फिर भी वह नहीं मानें। खास बात तो यह थी कि केंद्रों के बाहर निजी स्कूल संचालक खुद खड़े होकर बच्चों से नकल की पर्चियां बनवाते रहे तथा बाद में उस पर्ची को युवाओं को देकर अंदर पहुंचाने तक के लिए देते रहे।
-
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से नियुक्त जिला अधीक्षक जोगेंद्र सिंह ने बताया कि 10वीं का पेपर 48 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुुआ। पेपर के दौरान नकल रोकने के लिए पूरे प्रयास किए गए। हथीन में एक छात्र को नकल करते पकड़कर उसके खिलाफ केस बनाया गया।