गांव घसेड़ा में बदमाशों द्वारा लूटपाट के लिए बेहोश किया गया परिवार
- फोटो : Palwal
होडल। हसनपुर थाना क्षेत्र के गांव घसेड़ा में बकरी का दूध लेने के बहाने दो बाइक सवार बदमाशों ने तीन लोगों को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद जूलरी और 1.5 लाख की नकदी लूटकर फरार हो गए। परिजनों को बेहोशी की हालत में होडल के उपमंडल नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां से इन लोगों को फरीदाबाद के लिए रेफर कर दिया गया।
गांव घसेड़ा में सोमवार शाम को भेड़-बकरी पालने वाले गरीबा के घर दो बाइक सवार बदमाश बकरी का दूध लेने के बहाने घर के अंदर घुस गए। दो लीटर दूध मांगने लगे। गरीबा ने बर्तन लाने को कहा तो उन्होंने दो लीटर की कोल्डड्रिंक लाकर उन्हें पिला दी। इसे पीने के बाद 54 वर्षीय गरीबा, 50 वर्षीय पत्नी लच्छो, बेटा दिलशाद (12) बेहोश हो गया। पड़ोसियों ने बताया कि बदमाश लाखों की जूलरी और 1.5 लाख की नकदी लूटकर फरार हो गए। काफी देर बाद पड़ोस के लोगों ने जाकर देखा तो सभी बेहोश थे। जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी राजेश कुमार ने घटनास्थल का दौरा कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक बेहोश परिवार के सदस्यों को होश नहीं आया था। पुलिस का कहना है पीड़ितों के होश में आने में बाद उनके बयान पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।