पलवल। जिला बार एसोसिएशन का नया अध्यक्ष सुनील डागर को चुना गया है। सुनील डागर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पूर्व प्रधान दीपक चौहान को 111 वोटों से हरा दिया। सुनील डागर को 493 वोट मिले। जबकि दीपक चौहान 382 वोट मिले। जबकि तीसरे प्रत्याशी चरण सिंह रावत को 50 वोट मिले। चुनाव अधिकारी डीडी मक्कड़ ने बताया चुनाव पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। चुनाव परिणाम आते ही सुनील डागर के समर्थक खुशी से झूम उठे। बार रूम में ढोल बजने लगा तथा उनके समर्थकों ने जमकर नृत्य किया।
चुनाव अधिकारी मक्कड़ ने बताया कि उपप्रधान पद पर अशोक भारद्वाज ने विजय हासिल की। अशोक भारद्वाज ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बलराज को 68 वोट से हराया। अशोक भारद्वाज को 496 तथा बलराज को 429 वोट मिले। दो वोट रद्द किए गए। वहीं सचिव पद पर तेज सिंह तेवतिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भूपेंद्र डबास को 27 वोटों से हरा दिया। तेज सिंह तेवतिया को 388 वोट मिले, जबकि भूपेंद्र डबास को 361 वोट मिले। तीसरे प्रत्याशी विक्रम वशिष्ठ को 174 वोट मिले। जबकि कोषाध्यक्ष पद पर गोपीचंद बघेल पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। चुनाव अधिकारी डीडी मक्कड़ ने सभी विजेताओं को बधाई दी तथा निष्पक्षता से बार के लिए काम करने व आपसी मतभेद न रखने की सलाह दी।
बार-बेंच के बीच बनाएंगे समन्वय
नवनियुक्त प्रधान सुनील डागर ने कहा कि वे बार-बेंच के बीच समन्वय स्थापित करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि बार में वकीलों के बीच किसी तरह का मतभेद नहीं बनने दिया जाएगा तथा वकीलों में भाईचारा कायम करने का काम करेंगे। बार की गरिमा को बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे तथा वकीलों के हक की लड़ाई के लिए हर समय तैयार रहेंगे।