पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी पुलिस हिरासत में
- फोटो : Palwal
पलवल। पत्नी की गोली मारकर हत्याकर शव को जलाकर खुर्दबुर्द करने वाले आरोपी फौजी राहुल को चांदहट पुलिस ने छह महीने की मशक्कत के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद की है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना चांदहट प्रभारी निरीक्षक रामचंद्र ने बताया कि दो जून को सूचना मिली थी कि लालगढ़ में फौजी राहुल ने पत्नी मीनाक्षी की गोली मारकर हत्या कर दी तथा उसके शव को परिजनों के पहुंचने से पहले ही श्मशान घाट में ले जाकर जला दिया। यह सूचना पुलिस को फोन पर मीनाक्षी के भाई संजू ने दी थी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। उन्होंने बताया कि राहुल सेना के 14 डोगरा रेजीमेंट में रानीखेत उत्तराखंड में तैनात था। उन्होंने बताया कि आरोपी हत्या के बाद से ही फरार चल रहा था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने के बाद की गई पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसकी पत्नी मीनाक्षी व मां के बीच कहासुनी हो गई थी। इसी बात से गुस्सा होकर उसने अपने भाई नीरज की लाइसेंसी पिस्तौल से पत्नी मीनाक्षी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।