हथीन के एक स्कूल में तीसरी कक्षा के बच्चों को कोविड के बारे में जानकारी देते
- फोटो : Palwal
हथीन। जिले के 369 राजकीय स्कूलों में सोमवार से पहली से तीसरी तक की कक्षाएं लगनी शुरू हो गई हैं। पहले दिन सीमित संख्या में ही बच्चे स्कूल पहुंचे, लेकिन दोस्तों से मिलकर चेहरे खिले नजर आए। स्कूलों में अध्यापकों ने भी खासी सतर्कता बरती। लंबे अरसे बाद नन्ही पीढ़ी स्कूलों में पहुंची।
अभिभावकों ने कहा कि वे स्कूल खुलने का इंतजार तो कर रहे थे, लेकिन पहले दिन कम ही बच्चे स्कूल आए। जिले में अधिकृत हाजिरी के आंकड़े मिल नहीं पाए हैं। हथीन के खंड शिक्षा अधिकारी दयानंद रावत ने बताया कि संबंधित शिक्षण स्टाफ सभी आंकड़े अवसर एप पर अपलोड कर देते हैं। इस कारण पूरा डाटा मिलने में परेशानी हो रही है।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी गौतम कुमार ने बताया कि शिक्षण स्टाफ ने सभी जगह कोविड की गाइडलाइन की पालना की है। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट मंगाई गई है। मास्क एवं सैनिटाइजर के उपयोग के बारे में नन्हे बच्चों को प्यार से समझाया गया है। हथीन स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल के मुख्य शिक्षक सत्येंद्र सिंह ने बताया कि पहली से तीसरी क्लास के बच्चों को कोविड से बचाव की सावधानियों के बारे में खेल-खेल में समझाया गया। एक दूसरे से शारीरिक दूरी बनाए रखने की भी जानकारी दी गई।