पलवल। शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म किया। जब वह गर्भवती हो गई तो उसका जबरन गर्भपात करा दिया। पीड़ित के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका पति से तलाक का केस चल रहा है। वह अपने गुजारे के लिए एक निजी कंपनी में नौकरी करने लगी। उसी कंपनी में नीरज निवासी सिही गांव (फरीदाबाद) भी काम करता है। नीरज को जैसे ही पीड़िता के तलाक के बारे में पता चला तो वह उससे शादी करने की बात कहने लगा। इसके बाद पीड़िता फोन पर नीरज से बात करने लगी। वर्ष 2017 में पीड़िता अपनी सहेली से मिलने पलवल की भरत कॉलोनी में उसके घर आई तो उसी दौरान नीरज भी वहां आ गया और अकेले में बात करने को बोला। इसके बाद पीड़िता की सहेली वहां से चली गई तो नीरज ने कहा कि जब तलाक का केस समाप्त हो जाएगा तो वह उससे शादी कर लेगा। इसके बाद नीरज नेपीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। नीरज समय-समय पर आश्वासन देकर दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता गर्भवती हो गई और जब इस बात का पता नीरज को चला तो उसने जबरन गर्भपात करा दिया। पीड़िता किराए के मकान में रहने लगी और नीरज पर शादी करने का दबाव डालने लगी। लेकिन, वह टाल-मटोल करता रहा। गत दस नवंबर 2020 को नीरज का भाई मुकेश, पिता राजपाल व मां उर्मिला मकान पर आए और पीड़िता के साथ मारपीट की। इसकी शिकायत पीड़िता पुलिस को दी। अब नीरज ने शादी करने से साफ इंकार दिया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
================
एटीएम कार्ड बदलकर निकाले 20 हजार रुपये
पलवल। कैंप थाना क्षेत्र के एटीएम बूथ में व्यक्ति का कार्ड बदलकर 20 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, भमरोला जोगी गांव निवासी रामधन ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह रसूलपुर चौक स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से रुपये निकाल रहा था, लेकिन रुपये नहीं निकले और कार्ड मशीन के अंदर रह गया। इसी दौरान एक अनजान व्यक्ति आया और धोखाधड़ी से कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड दे दिया और वहां से चला गया। पीड़ित के फोन पर संदेश आया कि खाते से 20 हजार रुपये निकल गए हैं। संवाद