फोटो 1 में है।
कैप्शन: जनसंंवाद कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनते राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा
- कार्तिकेय शर्मा बोले- मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री ने राजनीति के मायने बदल दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा ने पृथला विधानसभा के गांव कटेसरा और देवली में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर ब्राह्मणों को साधने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में ब्राह्मण सहित हर वर्ग का विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति के मायने बदल दिए हैं। आज जातपात के हिसाब से नहीं, बल्कि हरियाणा एक, हरियाणवीं एक के आधार पर काम किए जा रहे हैं। गांंव देवली व कटेसरा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों द्वारा रखी गई समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गांवों के विकास तथा लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने में देर नहीं होनी चाहिए। यदि कोई अधिकारी लापरवाही करता मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकार को बदनाम करने वाले अधिकारियों का इलाज किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता तक सरकार की योजनाओं को समय पर पहुंचाकर लाभ देना सुनिश्चित करें। सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में व्यवस्था परिवर्तन करने का काम किया है। कटेसरा में गांव के लोगों के परिवार पहचान पत्र, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन आदि संबंधित दस्तावेजों को पूर्ण करवाने के उद्देश्य से प्रशासन की ओर से 28 नवंबर को गांव में एक शिविर लगाने के निर्देश भी दिए तथा आने वाले मंगलवार को बिजली विभाग के अधिकारियों को आदेश दिए कि वह कटेसरा गांव में बिजली की शिकायतों को निपटाने के लिए एक शिविर लगाकर गांव की समस्याओं का निपटान करें।
इस अवसर पर विधायक नयन पाल रावत ने सांसद कार्तिकेय शर्मा का पृथला विधान सभा क्षेत्र में जन संवाद कार्यक्रमों पहुंचने पर स्वागत किया। जन संवाद कार्यक्रमों में पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा,सीईओ जितेंद्र कुमार, एसडीएम पलवल शशि वसुंधरा, नगराधीश कुमारी द्विजा, बीडीपीओ प्रवीण कुमार, देवली की सरपंच कुमारी नीतू, कटेसरा सरपंच प्रतिनिधि गजराज सहित सभी विभागों के अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।