- पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक से मांगी खातों की डिटेल
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। व्हाट्सएप पर कॉल व मैसेज कर घर बैठे काम कर लाखों रुपये कमाने का ऑफर देकर 7.79 लाख रुपये हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। साइबर अपराध थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर अपराध पुलिस की टीम बैंकों के उन खातों की जांच कर रही है, जिनमें उसका पैसा जमा हुआ है।
साइबर अपराध थाना प्रभारी रेनू शेखावत के अनुसार रामगढ़ (हसनपुर) निवासी अशोक ने दी शिकायत में कहा है कि उसके पास चार सितंबर को व्हाट्सएप पर एक संदेश आया। इसमें घर से काम की पेशकश का हवाला देते हुए पूरा विवरण ले लिया और एक टेलीग्राम चैनल पर भेजा। इसपर उसे बताया गया कि उसे कुछ लिंक प्राप्त होंगे और उन वेबसाइटों को रेटिंग देना है। रेटिंग देने के बाद उन्होंने उसका स्क्रीनशॉट भेजने को कहा और प्रति कार्य 50 रुपये का भुगतान किया। दूसरे दिन सुबह साढ़े नौ बजे से कार्य शुरू हो गया और पीड़ित ने प्रीपेड कार्य को आजमाने के बारे में सोचा और एक हजार रुपये का भुगतान कर दिया। इसी तरह उसे झांसे में लेकर आरोपियों ने उससे एक हजार से लेकर 65 हजार रुपये तक के कई बार भुगतान करा लिए।
शिकायत में पीड़ित का कहना है कि उन्होंने जो खाता बनाया था उसमें उसके द्वारा डाले गए व जीते गए सभी पैसे जमा हो रहे थे, जिन्हें वह भी देख पा रहा था, लेकिन उन्हें निकाल नहीं सकता था। उन्हें निकालने के लिए वे उसे झांसे में फंसाते चले गए और उसके सात लाख, 79 हजार रुपये जमा करा लिए। पीड़ित जब भी अपने खाते से पैसे निकालने की बात कहता तो उन्हें बार-बार यही कहा जाता कि इतनी राशि का अग्रिम भुगतान करना होगा। इसके बाद उसने साइबर अपराध थाना में इसकी शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जिन बैंकों के खातों में पीड़ित ने पैसे जमा कराए है, उन बैंकों को ई-मेल भेजकर खातों की डिटेल मांगी है, ताकि पीड़ित को उसके पैसे वापस दिलाए जा सकें।