- अमृत भारत योजना के तहत होगा जीर्णोद्धार, 52 लाख की लागत से लगी तीन लिफ्टों का किया शुभारंभ
- कहा, रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट लगने से यात्रियों को मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। केंद्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि ऐतिहासिक रेलवे स्टेशन का जीर्णोद्धार 34.25 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। अमृत भारत योजना के तहत भारतीय रेलवे 1309 स्टेशनों का आधुनिकीकरण करेगी, जिसमें पलवल स्टेशन भी शामिल हैं। इसके तहत स्टेशन के भवन निर्माण के लिए 15.25 करोड़ रुपए, फुट ओवर ब्रिज के लिए 13 करोड़ रुपए, प्लेटफार्म शेल्टर, कवरिंग और सरफेसिंग के लिए तीन करोड़ रुपये शामिल हैं। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा को बढ़ाने के लिए इलेक्ट्रिक और एस एंड टी वर्क के लिए तीन करोड़ रुपये की लागत शामिल है। गुर्जर बुधवार को रेलवे स्टेशन पर पलवल पर 52 लाख रुपये की लागत से लगाई गई तीन लिफ्टों के शुभारंभ के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान गुर्जर ने रिबन काटकर तीनों लिफ्टों का शुभारंभ किया। लिफ्ट शुभारंभ कार्यक्रम में मंत्री के साथ विधायक दीपक मंगला, भाजपा जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, रेलवे डीआरएम सुखविंदर सिंह, डीसीएम बसंत कुमार मौजूद रहे। इस दौरान कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि 10 अप्रैल 1919 को रॉलेट एक्ट के विरोध में पंजाब जा रहे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पहली राजनीतिक गिरफ्तारी पलवल रेलवे स्टेशन पर हुई थी, इसलिए पलवल रेलवे स्टेशन ऐतिहासिक है। पलवल स्टेशन का विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों के लिए मास्टर प्लान तैयार करना और आवश्यक सुविधाओं को बढ़ाने के लिए चरणबद्ध तरीके से मास्टर प्लान बनाकर क्रियान्वयन कराना है। इस योजना के तहत उच्च स्तरीय प्लेटफॉर्म का निर्माण किया जाएगा, जिसके अन्तर्गत सभी यात्रियों की स्टेशन तक सुलभ पहुंच सुनिश्चित करना, सर्कुलेटिंग क्षेत्र को स्टेशन की आवश्यकतानुसार बेहतर बनाना, वेटिंग हॉल का निर्माण, शौचालयों का निर्माण, आधुनिक लिफ्ट/एस्केलेटर निर्माण, साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था सहित सभी यात्रियों को मुफ्त वाई-फाई की सुविधा प्रदान की जाएगी। सभी नागरिकों को ट्रेनों की सही जानकारी प्राप्त हो सके, इसके लिए रेलवे बोर्ड द्वारा महत्वपूर्ण स्थानों पर होर्डिंग्स का निर्माण किया जाएगा।
गुर्जर ने कहा कि योजना के अनुसार रेलवे स्टेशन के मौजूदा भवनों में सुधार किया जाएगा। शहर के दोनों ओर की सड़क मार्गों को रेलवे स्टेशन से जोड़ा जाएगा। अवांछित संरचनाओं को हटाकर सड़कों को चौड़ा करके, उचित रूप से डिजाइन किए गए साइनेज, सुगम पैदल पथ, आरक्षित पार्किंग क्षेत्र, लाइटिंग व्यवस्था आदि कर सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन के प्रवेश द्वारों में सुधार किया जाएगा। दिव्यांगजनों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए कम ऊंचाई वाले काउंटर, दिव्यांगजन के लिए शौचालय और निकास के पास सहायता बूथ का भी निर्माण कराया जाएगा। इस दौरान मंत्री ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और महात्मा गांधी स्मृति स्थल को नमन किया। कार्यक्रम में विधायक दीपक मंगला ने केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर का स्वागत किया। इस मौके पर नगर परिषद पलवल के चेयरमैन डॉ.यशपाल, वाइस चेयरमैन मनोज बंधू, महामंत्री वीरपाल दीक्षित, हरेंद्रपाल राणा, महिला मोर्चा अध्यक्ष रश्मि सहरावत, रेलवे यात्री संघ अध्यक्ष प्रकाश मंगला, जिला उपाध्यक्ष महावीर, राजेंद्र बैंसला, प्रवीण ग्रोवर, महेंद्र भडाना, योगेंद्र सहरावत मौजूद रहे।