पलवल। जिला पुलिस लाइन में विश्व स्वास्थ्य दिवस आरोग्यम उत्सव के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ योग के साथ किया गया। पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिस कर्मियों व उनके परिवार को योगासन कराए गए। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच कर स्वस्थ रहने के टिप्स दिए। कार्यक्रम में जिला के तमाम डीएसपी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी सहित 200 पुलिस कर्मियों ने भाग लिया।
आरोग्यम उत्सव के तहत योग सत्र, मानसिक स्वास्थ्य संबंधित कार्यशाला, रक्तदान शिविर, फिजियोथैरेपी, अधिकारियों द्वारा फिटनेस पर भाषण कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस कर्मचारियों को शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने का भी महत्व समझाया। साथ ही स्वस्थ कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे डॉक्टर ने पुलिसकर्मियों को स्वस्थ भोजन खाने का महत्व बताते हुए कहा कि गुड फूड मतलब गुड मूड इसलिए अच्छा भोजन लें और रोजाना समय पर कसरत करें। डीएसपी मुख्यालय अनिल कुमार ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य दुनिया भर में एक समान स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूकता फैलाना तथा इससे जुड़ी समस्याओं पर विचार कर उन पर कार्य करना है, जिसके लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्यरत संगठनों के साथ सहयोग स्थापित किया जाता है। इस अवसर पर डीएसपी सज्जन सिंह, डीएसपी रतन दीप सिंह बाली, डीएसपी सत्येंद्र सिंह मुख्य रूप से मौजूद थे।
25 यूनिट रक्त एकत्रित
पलवल। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर यहां जिला नागरिक अस्पताल के पास अपना ब्लड बैंक के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उदघाटन वरिष्ठ पैथोलॉजिस्ट डॉ. प्रशांत गुप्ता ने किया। शिविर में 25 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने भी रक्तदान कर विश्व स्वास्थ्य दिवस पर स्वस्थ रहो, सुरक्षित रहो का संकल्प लिया। डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि हर स्वस्थ व्यक्ति को तीन महीने में एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्तदान करने से किसी भी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। संवाद