पलवल। हरियाणा व उत्तर प्रदेश में एक दर्जन से अधिक लूट, डकैती, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत संगीन मामलों में वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पलवल बस स्टेंड पर व्यापारी नेता की मोबाइल की दुकान में घुसकर 75 हजार रुपये लूट लिए थे। इसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलग-अलग पुलिस थानों में 11, फरीदाबाद में तीन और पलवल में एक मुकदमा दर्ज है। आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड के दौरान एक देशी कट्टा, लूटा गया मोबाइल, लूटे गए रुपये भी बरामद किए हैं। इस मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी प्रकाश को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस प्रवक्ता संजय कुमार कादियान ने बताया कि बीती 16 दिसंबर को बस स्टेंड स्थित वोडाफोन के स्टोर मालिक दिनेश वर्मा की दुकान से तीन नकाबपोशों ने बंदूक के बल पर 75 हजार रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बीती 23 जनवरी को आरोपी प्रकाश को गिरफ्तार किया। प्रकाश ने बताया कि उसके साथ लूट में देवेंद्र भी शामिल था। दोनों भाई अपने मामा के पास पलवल आए हुए थे और जाते समय लूट की और अपने गांव भाग गए। देवेंद्र को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। अब पुलिस ने बीती चार फरवरी को दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान यूपी के जिला हाथरस के थाना मुरसान के गांव नंगला अमरा निवासी देवेन्द्र उर्फ छोटू उर्फ लाला के तौर पर की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर थाना मुरसान में तीन, चंदपा, हाथरस, थाना जंक्शन हाथरस, गोवर्धन थाना में चार, फरीदाबाद में तीन और पलवल सहित 15 मामले दर्ज हैं। फरीदाबाद में 30 हजार रुपये की लूट की थी।