हथीन। क्षेत्र के बड़े गांव उटावड़ में सोमवार को 36 बिरादरी ने मिलकर एक पंचायत की। पंचायत में इस्लामी आलिम, हिंदू-मुस्लिम सभी धर्मों के लोग शामिल थे। पंचायत में मौजूद प्रमुख लोगों ने मिलकर गांव में फैल रही सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया। पंचायत में निर्णय लिया गया कि गांव में जो भी शराब बेचेगा या पीएगा उस पर 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा जुआ, सट्टा खिलाने व खेलने वालों से 21 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।
पंचायत में निर्णय लिया गया कि गांव में जुआ, सट्टा, शराब, डीजे बजाना, पटाखे चलाना पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। गांव में आपसी भाईचारा खराब करने, कौम को खोखला करने वाले लोगों के खिलाफ खिलाफ एकजुट होकर उन्हें रोकने का निर्णय लिया गया। निर्णय लिया गया कि गांव में गाना बजाना, डीजे चलाना और बम पटाखे चलाने वालों से 11 हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। निर्णय लिया गया कि गांव में इस तरह की बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने व पंचायत को सूचना देने वाले को 5100 रुपये का इनाम दिया जाएगा।
पंचायत ने यह भी निर्णय लिया गया कि गांव उटावड़ में शादी में 52 लोग ही बारात में आएंगे और 52 लोग ही बारात में जाएंगे। सामाजिक बुराइयों को दूर करने में जो भी रुकावट डालेगा, पंचायत द्वारा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पंचायत कहा गया कि गांव उटावड़ में लोगों को शत प्रतिशत कोरोना से बचाव के लिए वैकसीन लगवाई जाएगी। पंचायत को आस मोहम्मद, अख्तर हुसैन, रोहताश, लक्ष्मण, मकसूद, गोला, कबीर, अब्दुल्ला, नसरू, नजीर, ताहिर, आजम, आमिर, मुश्तकिम, इकबाल, मौलाना फकरु, मौलाना इब्राहिम, जुम्मा, शमीम, अब्दुल आदि ने संबोधित किया।