संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर पति, सास व देवरों पर विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि तीन दिन पहले आरोपियों ने विवाहिता के साथ मारपीट कर मायके से दो लाख रुपये लेकर आने के लिए कहा था। होडल थाना पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
होडल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार के अनुसार यूपी के जिला अलीगढ़ स्थित ऐलमपुर निवासी चरण सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह प्राइवेट नौकरी करता है। करीब छह साल पहले उसने अपनी बेटी गुंजन की शादी होडल निवासी रखिंदर उर्फ देवा के साथ की थी। शादी में दिए दहेज से ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हुए। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसकी बेटी गुंजन के साथ मारपीट की जाने लगी। बीती 10 अक्तूबर को गुंजन का उसके पास फोन आया कि पति रखिंदर, सास पुष्पा, देवर अंकित व सौरव ने उसके साथ मारपीट की है। आरोपी उससे दो लाख रुपये लाने के लिए कह रहे हैं। वह अपने भाई के साथ गुंजन की ससुराल पहुंचा तो उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। आरोपियों को समझाने का प्रयास किया तथा गुंजन को साथ भेजने के लिए कहा, परंतु उन्होंने नहीं भेजा। रविवार रात को रखिंदर का फोन आया कि गुंजन ने फंदा लगा लिया है। वह तुरंत गुंजन की ससुराल पहुंचा तो आरोपियों ने कहा कि गुंजन की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है। गुंजन के गले पर निशान है। उन्हें शक है कि रखिंदर, पुष्पा, अंकित व सौरव ने उसकी बेटी गुंजन को गला घोंटकर मारा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। मामले में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।