संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। अलावलपुर रेलवे ओवर ब्रिज के पास मंगलवार देर सांय ट्रेन की चपेट में आने से एक युुवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया तथा जिला नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस ने युवक की पहचान बुधवार सुबह लाड़ियाका गांव निवासी कन्हैया के रूप में हुई।
जांच अधिकारी धनीराम ने बताया कि उन्हें मंगलवार शाम को सूचना मिली थी कि अलावलपुर रेलवे ओवरब्रिज के समीप ट्रैक पार कर रहे एक युवक की किसी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और देखा तो वहां व्यक्ति का शव बुरी तरह कटा हुआ पड़ा था। इसके बाद उन्होंने शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मौके से ऐसा कोई भी दस्तावेज नहीं मिला था, जिससे कि युवक पहचान हो सके। बुधवार सुबह मृतक की पहचान गांव लड़ियाका के रहने वाले कन्हैया के रूप में हुई। कन्हैया अपने परिवार के साथ शहर के कैलाश नगर में रहता था। मृतक के परिजनों ने बताया कि कन्हैया किसी काम से घर से निकला था। उसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया। जिला नागरिक अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।