संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। स्वतंत्रता दिवस समारोह पर सोमवार को को महर्षि दयानंद आगरा चौक स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। जिला स्तरीय समारोह में इस बार केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ध्वजारोहण करेंगे तथा परेड की सलामी लेंगे। तैयारियों को लेकर सोमवार को समारोह स्थल पर साफ-सफाई की गई तथा मुख्य मंच की साजो सज्जा, परेड ग्राउंड को समतल करने, सफेदी, चूना, रंग रोगन, स्टेज व समारोह स्थल पर बैरिकेडिंग का कार्य किया गया। समारोह स्थल पर पेयजल, शौचालय, बिजली व जनरेटर की व्यवस्था की गई, ताकि कार्यक्रम में कोई बाधा न आने पाए।
जिला स्तर पर आयोजित होने वाले समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति से ओतप्रोत नाटक, पीटी डंबल, परेड, झांकियां, योग आदि कर कार्यक्रम रहेगा। मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर सुबह 8.58 मिनट पर समारोह स्थल पर पहुंचेंगे तथा 10 .40 तब कार्यक्रम रहेगा। इस दौरान ध्वजारोहण, परेड की सलामी लेने के साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों तथा सामाजिक संस्थाओं व कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले स्कूली बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।
उपमंडल स्तर मनाए जाने वाले समारोह की फाइनल रिहर्सल
हथीन खंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में 15 अगस्त को एसडीएम लक्ष्मी नारायण बतौर मुख्यतिथि शिरकत कर ध्वजारोहण करेंगे। खंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन हथीन की अनाज मंडी में किया जाएगा। समारोह को लेकर सोमवार को फाइनल रिहर्सल की गई। खंड शिक्षा अधिकारी सगीर अहमद ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। खंड शिक्षा अधिकारी सगीर अहमद ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर परेड, पीटी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों आदि की फाइनल रिहर्सल की गई है, जिसमें विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने मार्च पास्ट व मास पीटी की गई। इसके साथ-साथ देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त पर देश के शहीदों को याद करें। देश की आजादी में शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना अहम योगदान दिया है। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में आगे बढे। देश व समाज को आगे ले जाने में अपना हर संभव योगदान देवें। समाज में शांति और भाईचारा बनाकर रखें।