संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। अवैध खनन की शिकायत पर मंगलवार रात में हथनगांव में पंहुची बिछोर थाना पुलिस पर खनन माफिया ने पथराव कर दिया। इतना ही नहीं आरोपियों ने पुलिस कर्मचारियों को जान से मारने की नीयत से पुलिस की गाड़ी पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया, जिसमें दो पुलिस कर्मचारी घायल हो गए। घायल पुलिस कर्मचारियों को पुन्हाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में दाखिल कराया गया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया।
पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि मंगलवार को रात में बिछोर पुलिस को सूचना मिली की हथनगांव गांव में कुछ लोग अरावली श्रंखला की पहाड़ी से अवैध खनन कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो खनन कर रहे आरोपी पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने मौके से इस दौरान एक जेसीबी को जब्त कर लिया। पुलिस टीम जैसे ही जेसीबी को लेकर चली तो अचानक 20 से 30 लोग आ गए और पुलिस टीम के साथ हाथापाई व झगड़ा कर जेसीबी को छुड़ाकर उत्तर प्रदेश के सांचोली गांव ले गए। पुलिस टीम ने जब जेसीबी का पीछा किया तो अवैध खनन के आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से ट्रैक्टर से पुलिस की गाड़ी को सीधी टक्कर मार दी। जिसमें पुलिसकर्मी विजयपाल व सुखराम घायल हो गए। पुलिस गाड़ी में टक्कर देने के बाद आरोपियों ने पुलिस टीम को घेर लिया, जिस पर पुलिस कर्मचारियों ने हवाई फायर करते हुए अपनी जान बचाई । पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान तौफीक पुत्र शमशेर निवासी हथनगांव व कैफ पुत्र कय्यूम निवासी सांचोली के रूप में हुई है। बिछोर पुलिस ने इस मामले में तौफिक,कैफ, मोमिन, नासिर, शकील, रोबिन, रियाजू सहित 30 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास चोरी सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस पर भारी पड़ रहे अवैध खनन माफिया : अवैध खनन माफियाओं द्वारा पुलिस टीम पर हमला व पथराव करने का मामला कोई नया नहीं है। इससे पहले भी कई बार यहां पुलिस टीम पर अवैध खनन के आरोपियों द्वारा हमला किया गया है। दो माह पहले भी अवैध खनन के आरोपियों द्वारा पुलिस टीम पर हमला किया था जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इतना ही नहीं आरोपियों ने एक इआरवी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।