पलवल। शहर थाना क्षेत्र के दया कॉलोनी में सब्जी का डिब्बा हाथ से गिर जाने के कारण पति ने पत्नी की पिटाई कर घर से निकाल दिया। बेघर महिला किरण काम की तलाश में फरीदाबाद से ट्रेन में बैठकर मुंबई की बोरीवली पहुंच गई। बोरीवली आरपीएफ ने महिला की हालत देख पूछताछ की और उपचार करवाया। महिला की बताई घटना पर जीरो एफआईआर दर्जकर पलवल पुलिस अधीक्षक को जांच के लिए फाइल भेजी गई है। शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी संजीत कुमार के अनुसार, दया कॉलोनी निवासी 34 वर्षीय महिला किरण ने बताया कि सभी लोग 13 मार्च की रात करीब 10 बजे खाना खा रहे थे। बच्चों को खाना खिलाते समय सब्जी का डिब्बा हाथ से छूटकर गिर गया। इसी बात को लेकर महिला के पति ने मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। घर से निकालने पर महिला रेलवे स्टेशन पर आई और काम की तलाश में फरीदाबाद पहुंची। फरीदाबाद में काम नहीं मिला तो वह मुंबई जाने वाली ट्रेन में बैठ गई। महिला 16 मार्च को मुंबई बोरीवली स्टेशन पर उतर गई। वहां आरपीएफ ने बदहवास महिला को देख पूछताछ की। महिला ने सब्जी वाली बात पर मारपीट होने की बात बताई। पुलिस ने महिला का अस्पताल में उपचार करवाया और जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए पलवल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी पति को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।