होडल खंड के गांव खाम्बी में शनिवार को संपन्न हुए कुश्ती दंगल मेले में एक लाख की कुश्ती पर हिंद केसरी व भारत केसरी ने दांव लगाए। दंगल में कई कुश्तियां बराबरी पर छूटीं। दंगल में हरियाणा, दिल्ली व यूपी के नामी अखाड़ों से आए पहलवानों ने दम दिखाया।
आयोजन का शुभारंभ करते हुए सरपंच हेमलता शर्मा के पति हरिदत्त शर्मा ने कहा कि दंगल के आयोजनों से इलाके के पहलवानों का उत्साहवर्धन होता है तथा दर्शकों का मनोरंजन होता है। इस अवसर पर जिला पार्षद युधिष्टर शर्मा (भोलू), हसनपुर ब्लॉक समिति के वाइस चेयरमैन राजू शर्मा, रामेश्वर शर्मा, केशव शर्मा, मास्टर चन्द्रभान, श्यामसुन्दर, जगदीश शर्मा, विनोद शर्मा, शिव कुमार एडवोकेट, राजू आढ़ती, प्रेम राज मैथिल व युगल किशोर शर्मा सहित हजारों लोगों ने दंगल का लुत्फ उठाया।
दंगल में हुई कुश्तियों में सोनीपत के मोनू व सहारनपुर के मुस्तफा के बीच 11 हजार रुपये की कुश्ती बराबरी पर छूटी। इसी तरह सोहना के जीतू व खाम्बी के लोकेश, घोड़ी के युधिष्टर एवं बहादुरगढ़ के परवेश के बीच 31-31 हजार रुपये की कुश्ती भी बराबरी पर छूटी। एक लाख रुपये की फाइनल कुश्ती पर सोनीपत के हिन्द केसरी पहलवान कृष्ण और बहादुरगढ़ के भारत केसरी हितेश ने रोमांचक दाव लगाए। लेकिन अंत में कुश्ती बराबरी पर छूटी, जिस पर दोनों को 50-50 हजार रुपये का इनाम दिया गया।