होडल। एक तरफ सरकार प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाने के दावे कर रही है, वहीं नूंह-पुन्हाना-होडल को जोड़ने वाले राजमार्ग की हालत इतनी बदहाल है कि आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लेकिन, इस तरफ प्रशासन के अलावा मंत्रियों और विधायकों का भी ध्यान नहीं है। हालात ये हैं कि आए दिन कोई न कोई बड़ा वाहन इस मार्ग पर गड्ढों के कारण पलट जाता है। इस कारण दुर्घटनाएं तो होती ही हैं, साथ ही सड़क मार्ग पर जाम की समस्या भी बन जाती है। बृहस्पतिवार को भी ऐसा ही इस मार्ग पर हुआ, जब झाड़ू से भरा एक ट्रक गड्ढे के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। इस ट्रक में सवार चालक व परिचालक घायल हो गए। वहीं, राजमार्ग पर जाम लग गया।
होडल-नूंह-पुन्हाना राजमार्ग की बदहाल सड़क पर पलटे ट्रक की फोटो खींचकर लोग मुख्यमंत्री के ट्विटर पर भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद इस तरफ किसी का ध्यान नहीं है। इस सड़क की हालत इतनी खराब है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों में भी इस समस्या को लेकर बेहद रोष बना हुआ है। इस राजमार्ग के साथ लगते गांवों के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की हालत में सुधार नहीं हुआ तो लोगों को सड़क पर उतरने को मजबूर होना पड़ेगा।
5 हजार से अधिक लोगों का रहता है आवागमन
होडल से नूंह-पुन्हाना की तरफ से रोजाना पांच हजार से अधिक लोगों का वाहनों से आना-जाना रहता है। इस राजमार्ग पर 100 से अधिक गांव बसे हैं। इस कारण लोगों का प्रतिदिन नूंह, पुन्हाना व होडल की तरफ आना जाना रहता है। ज्यादातर लोग अपने वाहनों से आते हैं। इसके अलावा एक हजार से भी अधिक ट्रक व बड़े वाहन इस राजमार्ग के रास्ते राजस्थान, मानेसर, गुरुग्राम, जयपुर, भिवाड़ी की तरफ जाते हैं। इसके बावजूद इस राजमार्ग की टूटी सड़कों की मरम्मत की तरफ किसी का ध्यान नहीं है।
मार्ग पर सरकार द्वारा ट्रक और बड़े व्यावसायिक वाहनों से टोल वसूला जा रहा है। इसके बावजूद सड़क की हालत ठीक नहीं है। आए दिन यहां से गुजरना पड़ता है। राजमार्ग पर गड्ढों के कारण मेरा भी ट्रक पलट चुका है। इस कारण काफी नुकसान हुआ है।
- तौफिक, गांव सिंगार
---------
गड्ढे नहीं भरने पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए। क्योंकि, इनकी वजह से लगातार लोग दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। वाहन भी जल्द टूटने लगते हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जबकि टोल पूरा वसूला जा रहा है।
- फारुक सिंगार
------
सब्जी थोक विक्रय का काम है। इसलिए हर दिन होडल की मंडी से सब्जी लेकर गांव जाते हैं। सड़क मार्ग पर इतने गड्ढे हैं कि उन्हें पूरी तरह से बचाना अब नामुमकिन जैसा हो गया है। गड्ढों के बीच सड़क पर एक साइड का टू-लेन मार्ग भी अब सिंगल हो गया है।
- उमर मोहम्मद बिछोर
------
इस बारे में संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द ही सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों से इस सड़क का इस्टीमेट बनाने को कहा गया है। जब तक गड्ढों को भरवाने के आदेश भी दिए गए हैं। - वकील अहमद, एसडीएम होडल