पलवल। कोकिला वन की परिक्रमा लगाने जा रहे दिल्ली के गांधी विहार निवासी संजीव कुमार को कैंटर ने अलावलपुर चौक के नजदीक कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। अलावलपुर चौक के समीप हुई घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। कैंप थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस चालक को गिरफ्तार नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जांच अधिकारी संजय कुमार के अनुसार, नई दिल्ली के गांव शेरपुर के रहने वाले पवन कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह प्रॉपर्टी डीलर का कार्य करता है। शुक्रवार रात को वह दिल्ली से उत्तर प्रदेश के कोसीकलां स्थित कोकिला वन की परिक्रमा लगाने जा रहा था। गाड़ी को उनके दोस्त दिल्ली के गांधी विहार निवासी संजीव कुमार चौधरी चला रहे थे। एक और दोस्त बागपुर के आर्य नगर निवासी अरुण कुमार भी थे। रात करीब 12.30 बजे जब वह पलवल के अलावलपुर चौक पर पहुंचे तो उन्होंने शौच करने के लिए गाड़ी साइड में लगा दी। तभी दिल्ली की तरफ से एक तेज गति से आया कैंटर संजीव को कुचलते हुए निकल गया। उन्होंने इस दौरान कैंटर का नंबर देख लिया। दुर्घटना के बाद चालक कैंटर लेकर फरार हो गया। इसी दौरान किसी राहगीर ने इस दुर्घटना की सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस कहना है कि कैंटर के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है।