होडल। शुक्रवार देर रात तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। इससे किसानों की खेतों में पकी खड़ी सरसों, गेंहू, जौ, तोरिया सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है। किसानों ने ओलावृष्टि से खराब फसल का नुकसान दिलवाने की मांग की है। कृषि विभाग की माने तो होडल में शुक्रवार को 12 एमएम बारिश हुई है। जो कि जिले में सर्वाधिक है। पलवल तथा हसनपुर में मात्र 2-2 एमएम तथा हथीन में 7 एमएम बारिश हुई है।
बारिश व ओलावृष्टि के कारण होडल के गांव सौन्दहद, बोराका, डाड़का, लोहिना, बेढ़ा पट्टी, गोढोता, भिडूकी, रोहता पट्टी, माफी जलालपुर, भुलवाना, गढ़ी पट्टी कई अन्य गांवों में किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। तापमान में एकाएक गिरावट दर्ज की गई है। कृषि विभाग के उपमंडल अधिकारी कुलदीप तेवतिया ने किसानों से कहा कि ओलावृष्टि व बारिश से जिनकी फसल खराब हुई है, वे अपनी फसल का नुकसान दर्ज कराने के लिए 72 घंटे के अंदर कार्यालय में जाकर अपनी फसल बीमा पॉलिसी के साथ आवेदन दें। जिससे फसल का नुकसान का आकलन किया जा सके।
बारिश से हुआ जलभराव
देर से सांय आई बारिश वे ओलावृष्टि से किसानों को तो नुकसान हुआ ही साथ ही शहर के दर्जनों स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई जिसके चलते शनिवार को लोगों को सड़कों पर चलना भी भारी पड़ गया। शहर के पुन्हाना मोड़, गढ़िया बाजार, पुराना जीटी रोड, नेशनल हाईवे के साथ लगती कॉलोनियों में बारिश का पानी भर गया जिससे स्थानीय लोग परेशान होते दिखाई दिए।