आरोपी शादी से पहले भी कर चुका है फोटो और वीडियो वायरल, समाज के लोगों ने करा दिया था सामाजिक रूप से फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। उटावड़ थाना क्षेत्र में एक लड़की की शादी के बाद अश्लील वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। आरोपी शादी से पहले भी एक बार लड़की के अश्लील फोटो व वीडियो वायरल कर चुका है लेकिन उस समय पंचायत ने सामाजिक फैसला करा दिया था। अब लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
उटावड़ थाना प्रभारी टेक सिंह डागर ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव निवासी ने शिकायत में बताया कि दो साल पहले उनकी 16 वर्षीय बेटी को शोएब नामक युवक ने जाल में फंसाकर उसके अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए थे और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया था लेकिन बाद में समाज के प्रतिष्ठित लोगों ने सामाजिक रूप से फैसला कराकर फोटो व वीडियो सोशल मीडिया से हटवा दिए थे। लेकिन आरोपी ने वह फोटो अपने मोबाइल से डिलीट नहीं किए। उन्होंने बताया कि अब उनकी बेटी शादी हो गई है। शादी के बाद अब आरोपी युवक ने फिर उन फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसका पता चलने पर लड़की के पिता ने उटावड़ थाना पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की ।
उटावड़ थाना की महिला जांच अधिकारी सुरेखा ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट एवं अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पीड़िता के साथ जिस समय अपराध हुआ उस समय वह नाबालिग थी। इस कारण पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है।