गीता जयंती समारोह को संबोधित करते विधायक टेकचंद शर्मा।
तीन दिवसीय गीता महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित सेमीनार का शुभारंभ पृथला के विधायक टेकचन्द शर्मा ने किया। विधायक ने गीता को संस्कृति की संज्ञा देते हुए कहा कि गीता से जीने की कला मिलती है व पढ़ने से सुविचार भी आते हैं।
महात्मा गांधी सामुदायिक केन्द्र एवं पंचायत भवन में आयोजित सेमिनार में संबोधन करते हुए विधायक ने कहा कि गीता के ज्ञान को समझने के साथ-साथ सभी को अपने जीवन में व्यवहार में भी लाना चाहिए। गीता महोत्सव के शानदार आयोजन के लिए किए गए प्रबंधों से प्रभावित हो कर विधायक ने जिला प्रशासन व डीसी अशोक कुमार शर्मा की प्रशंसा की।
विधायक टेकचन्द शर्मा ने गीता दर्शन पर आयोजित सेमिनार का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर किया। इससे पूर्व विधायक ने गीता महोत्सव पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। सेमिनार का संचालन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, जनोली के सहायक प्रोफेसर कुबेर दत्त गौतम ने किया।
सेमिनार को संबोधित करते हुए एसडी कॉलेज डॉ. केशव देव शर्मा, डीएवी पब्लिक स्कूल के देशराज शास्त्री, हरियाणा संस्कृत विद्यापीठ बघौला के सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. गुंजेश्वर चौधरी, हरियाणा संस्कृत विद्यापीठ बघौला के प्राचार्य डॉ. पशुपतिनाथ मिश्र, सेवानिवृत प्राचार्य डॉ. सुखीराम रावत, राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, फरीदाबाद ओल्ड के प्रवक्ता बृजेश कुमार व इस्कॉन के असित गोविन्द दास ने गीता दर्शन से संबंधित व्याख्यान दिए।