राजनीति शास्त्र के पेपर में नकल डालते युवक
- फोटो : Palwal
पलवल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से बृहस्पतिवार को 12वीं के विद्यार्थियों के लिए राजनीति शास्त्र की परीक्षा आयोजित की गई। नकल रोकने लिए शिक्षा विभाग के उड़नदस्ते परीक्षा केंद्रों में पेपर शुरू होने से पहले ही पहुंच गए। नकल रोकने के खूब प्रयास किए, लेकिन विफल रहे। उड़नदस्तों की सख्ती के बावजूद अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर 13 नकलची छात्र पकड़े गए। इनके खिलाफ केस बनाकर रिपोर्ट बोर्ड को भेज दी गई है। उड़नदस्तों को देख पुलिसकर्मी भी सख्ती बरतते नजर आए, लेकिन नकल फेंकने आए युवक नहीं माने। वे लगातार खिड़कियों पर लटककर नकल फेंकते नजर आए।
जैसे ही राजनीति शास्त्र का पेपर दोपहर 12.30 बजे शुरू हुआ तो उससे पांच मिनट पहले ही उड़नदस्ते परीक्षा केंद्रों पर एक साथ पहुंचे और वहीं बैठ गए। इतना ही नहीं उड़नदस्तों ने अपनी नजरों के आगे पेपर बंटवाए और सभी परीक्षार्थियों की जांच कराई। जांच के दौरान शुरू में ही 13 बच्चों को नकल करते हुए पकड़ लिया गया। इनमें पलवल से 8, होडल से 3 तथा हथीन से दो परीक्षार्थी शामिल हैं।
पर्ची बना रहे शिक्षकों को पुलिसकर्मियों ने हड़काया
परीक्षा केंद्रों के बाहर बैठकर पर्ची बनाने के लिए बैठे निजी स्कूलों के शिक्षकों को पुलिसकर्मियों ने जमकर हड़काया। उन्होंने वहां से उन्हें भगाने का काम किया। पुलिस वालों ने उनके हाथों से पुस्तकें तक छीन लीं।
शरारती तत्वों का जमावड़ा रहा कम
शिक्षा बोर्ड कंट्रोल रूम के इंचार्ज दीपक कुमार ने बताया कि राजनीति शास्त्र के पेपर में नकल रोकने के पूरे प्रयास किए गए। पेपर के दौरान अंदर भी नकल कम चली और बाहर भी शरारती तत्वों का जमावड़ा कम रहा। पुलिसकर्मियों की सख्ती के कारण नकल फेंकने वाले भी कम रहे।