फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मनरेगा घोटाला : चंडीगढ़ से आई टीम ने हथीन क्षेत्र के गांवों में की जांच, ग्रामीणों ने कार्यों में बरती गई अनियमितताएं बताईं

विज्ञापन
विज्ञापन
पलवल। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत हुए कार्यों में फर्जीवाड़े की जांच के लिए बुधवार को चंडीगढ़ से पलवल पहुंची टीम ने बृहस्पतिवार को हथीन क्षेत्र के गांवों का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने मनरेगा के तहत हुए कार्यों में बरती गई अनियमितताओं को उजागर किया। गांव लड़माकी, मनकाकी, हुड़ीथल, छायंसा और मलाई सहित अन्य गांवों में टीम ने कार्यों की जांच की। जांच के दौरान एक-दो को छोड़कर कहीं काम नहीं पाए गए, जो काम मिले भी, वो भी अधूरे थे। हुड़ीथल में एक भी कार्य नहीं होना पाया गया, जबकि मनकाकी में श्मशान घाट में मिट्टी डलवाने का काम भी अधूरा मिला। मिट्टी कम जगह व कम मात्रा में डाली गई। इसके अलावा और कोई काम नहीं मिला।
विज्ञापन

टीम में पंचायत विकास विभाग के उप निदेशक निर्मल नागर, सिस्टम एनालिस्ट संदीप वाही, एक्जूक्यूटिव इंजीनियर ईश्वर सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। जिला परिषद की तरफ से टीम को जांच के लिए हथीन खंड के गांव हुड़ीथल, महलूका, पहाड़ी, हुचपुरी, लड़माकी, मनकाकी, मलाई, उटावड़, गुराकसर, स्वामीका, खिल्लूका, पहाड़पुर, मंढनाका सहित कई गांवों की सूची जांच के लिए सौंपी गई है। इन गांवों में कागजों में करोड़ों के काम दिखाए गए हैं, जबकि इससे पहले हुई जांच में कोई काम नहीं मिला। कुछ काम निर्धारित मापदंडों पर भी पूरे नहीं है। हुड़ीथल गांव के कार्यों में हुई अनियमितताओं को लेकर मनरेगा लोकपाल जुर्माना और रिकवरी के निर्देश भी दे चुकी हैं।
पलवल खंड के गांव रहराना, ताराका, मीसा, अल्लीका, चिरवाड़ी, किशोरपुर, नंगला भीकू और कटेसरा में भी हुए कार्यों में अनियमितता बरतने की बात कही जा रही है। होडल खंड के गांव बांसवा, डाडका, सैलोटी व हसनपुर खंड के लुलवाड़ी, रामगढ़, भरतगढ़, भुलवाना तथा बड़ौली खंड के भोलड़ा, राजूपुर खादर, सोलड़ा, चांदहट, थंथरी व बड़ौली में भी बड़े पैमाने पर अनियमितताएं बरती गई हैं। इन गांवों की जांच भी जिला विजिलेंस कमेटी के अध्यक्ष अतिरिक्त उपायुक्त उत्तम सिंह द्वारा शुरू की गई है। जांच करने पहुंची टीम के अधिकारियों ने अभी इस बारे में कुछ कहने से इनकार किया है। उनका कहना था कि मनरेगा के तहत कार्यों की जांच रिपोर्ट चंडीगढ़ भेजेंगे। कार्यों में बरती अनियमितताओं से उन्होंने इनकार नहीं किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें