होडल। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में लघु सचिवालय स्थित सभागार हाल में अधिकारियों ने बैठक की। इस दौरान एसडीएम ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार पांच सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसमें कक्षा छठवीं से आठवीं तक के छात्र हिस्सा लेंगे। एसडीएम वकील अहमद ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों और प्रबंधों के बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि कार्यक्रम का आयोजन अनाज मंडी में किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मार्च पास्ट की रिहर्सल, स्टेज और पेयजल की व्यवस्था आदि के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह में कोरोना की गाइडलाइन का पूर्णतया पालन किया जाएगा। 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन होगा। बैठक में डीएसपी दिनेश कुमार यादव, तहसीलदार संजीव नागर, डॉ. पंकज कुमार, मनोज पाराशर, खंड शिक्षा अधिकारी यशपाल गर्ग, सीडीपीओ ओमबती आदि मौजूद रहे।