ताज एक्सप्रेस ट्रेन के पहिये की आग को बुझाता कर्मचारी।
- फोटो : Palwal
पलवल। असावटी रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार को ताज एक्सप्रेस ट्रेन के पहिये में आग लग गई। नई दिल्ली से झांसी जा रही ताज एक्सप्रेस में ब्रेक में आई दिक्कतों के कारण आग लगने की बात कही जा रही है। रेलवे कर्मचारियों द्वारा बरती गई सावधानी के कारण बड़ा हादसा टल गया। आग के कारण ट्रेन एक घंटे से भी ज्यादा समय तक मुख्य लाइन पर खड़ी रही। इस दौरान एक्सप्रेस सहित तीन गाड़ियों को लाइन बदलकर निकाला गया। ब्रेक फाल्ट होने के कारण निकली चिंगारियों से फाइबर ने आग पकड़ी। बोगी नंबर डी सात से धुआं उठता देख तुरंत फायर सेफ्टी का प्रयोग कर आग पर काबू पाया गया। शनिवार सुबह 7 बजकर 46 मिनट से लेकर 8 बजकर 53 मिनट पर टेक्निकल फाल्ट ठीक कर गाड़ी को रवाना किया गया।
स्टेशन पर खडे़ भीम सिंह, देवरतन, नरबीर सिंह ने बताया कि ट्रेन की बोगी से धुआं निकलता देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन में सवार यात्रियों में से किसी को भी कोई नुकसान नहीं हुआ है। वहीं आरपीएफ इंस्पेक्टर बलवान सिंह, नरबीर सिंह व जीआरपी से भीमसिंह ने बताया कि गाड़ी करीब 1 घंटे खड़ी रही और टेक्निकल फाल्ट ठीक होने पर रवाना किया गया।