पलवल। नए कृषि कानूनों के विरोध में अटोहां चौक पर चल रहा किसानों का धरना जारी रहा। सोमवार को धरनास्थल पर 25 जुलाई को आयोजित होने वाली किसान-मजदूर महापंचायत को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान किसान नेताओं ने कहा कि यह महापंचायत जाति और धर्म की दीवारें तोड़कर इतिहास बनाएगी। किसान संघर्ष समिति द्वारा बनाई गई चार टीमों ने गांवों में पंचायत के संबंध में जागरूकता अभियान जारी रखा। टीम ने किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों और व्यापारियों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने की अपील की। इसके अलावा मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के पहुंचने को लेकर भी तैयारियां की गई।
धरने को संबोधित कर किसान नेता मास्टर महेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि 25 जुलाई को पलवल अनाज मंडी में आयोजित होने वाली महापंचायत जाति और धर्म की दीवारें तोड़कर इतिहास बनाएगी। पंचायत में पलवल, फरीदाबाद और मेवात के सभी धर्मों व जातियों सहित 36 बिरादरी के लोग हिस्सा लेंगे। पंचायत के लिए चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान को गांवों में भरपूर समर्थन मिल रहा है। सरकार की नीतियों से परेशान किसान, मजदूर, कर्मचारी, रिटायर्ड कर्मचारी, दलित, कमेरा वर्ग व छोटा दुकानदार महापंचायत को लेकर उत्साहित है। इससे आंदोलन को एक नई दिशा मिलेगी। पंचायत में भाजपा सरकारी की नीतियों का विरोध किया जाएगा। पंचायत में तीनों जिलों के सभी राजनीतिक व सामाजिक कार्यकर्ता भी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला धरनास्थल पर पहुंचकर किसानों को संबोधित करेंगे। इस दौरान उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध गायक नरदेव बेनीवाल ने अपनी रागनी के जरिये सरकार पर कटाक्ष करेंगे। किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में बीती दो दिसंबर से जारी धरने की अध्यक्षता रणजीत सिंह चौहान ने की, जबकि संचालन नरेंद्र सहरावत ने किया। धरने को सोहनपाल चौहान, रूपराम तेवतिया, धर्मचंद घुघेरा, कुलभान छाता, जयदेव चौहान, रणजीत चौहान, करतार चौहान, रोशनलाल अल्लीका आदि ने संबोधित किया।
----प्रवीण बैंसला----