होडल। ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर्स यूनियन के तत्वावधान में बिजली कर्मचारियों ने बोर्ड परिसर में गेट मीटिंग का आयोजन किया, जिसकी अध्यक्षता सब यूनिट प्रधान लखमी रावत ने की तथा संचालन सब यूनिट सचिव प्रदीप सैनी ने किया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि अगर उनकी मांगों का समाधान नहीं किया तो 26 अप्रैल यानी मंगलवार से सभी कर्मचारी कार्यकारी अभियंता के कार्यालय बाहर धरने पर बैठ जाएंगे।
यूनिट प्रधान नरेंद्र सौरोत ने बताया कि निगम मैनेजमेंट द्वारा गलत तरीके से कच्चे कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की कोशिश की जा रही है और पक्के कर्मचारियों को चार्ज शीट किया जा रहा है। यूनियन नेताओं ने बताया कि बिजली निगम में जोखिमपूर्ण कार्य के बावजूद कर्मचारियों को काम करने के लिए उचित टी एंड पी तक नहीं दी जा रही है। बड़ी लाइनों की क्रासिंग के कारण आए दिन दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, जबकि इन्हें हटाने के लिए यूनियन बार-बार अधिकारियों को कह चुकी है। इतना ही नहीं बिजली वितरण निगम में लाइनों पर काम करने के लिए गाड़ी तक की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने बताया कि हरियाणा कौशल रोजगार विकास निगम के पोर्टल के माध्यम से कच्चे कर्मचारीयों को नौकरी से निकालने की आशंका के विरोध में, पुरानी पेंशन बहाली व ठेका कर्मचारियों को पक्का करने और कर्मचारियों की एसीपी तथा एरियर से जुड़े केसों के संदर्भ में मांग पत्र अधिकारियों को दिए गए हैं। इसके अलावा अधिकारियों ने निगम के नियमों को ताक पर रख अपने चहेते कर्मचारियों को निजी स्वार्थ के लिए मनमाफिक तरीके से लगाया हुआ है। जबकि, सब डिवीजनों में कर्मचारियों की भारी कमी है। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करते हैं तो अधिकारी आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास करते हैं। कर्मचारियों ने गेट मीटिंग के माध्यम से चेतावनी दी है कि अगर जल्द उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 26 अप्रैल यानी मंगलवार से सभी कर्मचारी कार्यकारी अभियंता कार्यालय पर धरने पर बैठ जाएंगे। इस मौके पर लक्ष्मण सिंह, भगवान सिंह, राजबीर रावत, मनीराम, गोपाल, जितेंद्र डांगी, नरेश महलावत, शेर सिंह, पवन कुमार, भूपेंद्र सिंह, महिपाल सिंह, राजेश दहिया, सुरेंद्र, ओमप्रकाश, कुंज बिहारी, सुरेंद्र सिंह, राजबीर रावत आदि मौजूद रहे।